मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने गांव खानपुर के जंगल में दबिश देकर तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से बड़ी तादाद में बने-अधबने तमंचे व उपकरण बरामद किए गए हैं, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस लाइन स्थित सभागार में शुक्रवार दोपहर प्रेसवार्ता करते हुए एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के गांव खानपुर के जंगल में स्थित एक खेत में सूचना के आधार पर दबिश दी।
एसएसपी के अनुसार मौके पर चार लोग तमंचे बनाते मिले, जिन्हें रंगेहाथ दबोच लिया गया। मौके से एक देशी बंदूक, एक मस्कट, आठ बने हुए तमंचे, दस अधबने तमंचे, 15 नाल और तमंचे बनाने के अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में गांव खानपुर निवासी विजयपाल, सब्जी मंडी निवासी राहुल, गांव बवाना निवासी इमरान और उमरपुर निवासी इंतजार शामिल हैं, जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया गया है। एसएसपी ने तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने वाली बुढ़ाना थाने की पुलिस टीम का उत्साह बढ़ाया है।