रतनपुर के गांव मथेड़ी में मेरठ के गांव सोहरखा में हुए दोहरे हत्याकांड में वांछित चल रहे कुख्यात सुशील मूंछ और उसके बेटे टोनी के घर पहुंचकर मेरठ पुलिस ने मुजफ्फरनगर पुलिस के सहयोग से बुधवार को कुर्की की कार्रवाई की। पुलिस ने दरवाजे, खिड़की के अलावा सीसीटीवी कैमरे, नगदी और जेवरात समेत घर का सभी सामान कुर्क कर लिया।
चार डीसीएम गाड़ियों में सामान भरकर मेरठ पुलिस अपने साथ ले गई। कुर्की की कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल देखकर ग्रामीण भी सहम गए। मेरठ और मुजफ्फरनगर के 20 थानों की पुलिस और पीएसी बल मौजूद रहा। मूंछ के वकीलों ने कुर्की का विरोध किया। पुलिस को बताया कि फरार टोनी ने पौड़ी गढ़वाल की कोर्ट में सरेंडर कर दिया है, इसके बावजूद पुलिस ने कार्रवाई जारी रखी।
24 जनवरी को परतापुर थाना क्षेत्र के गांव सोहरखा में महिला निछत्तर कौर और उसके बेटे बलविंदर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। मेरठ पुलिस ने तरुण को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया था।
सीसीटीवी कैमरे में दिखाई देने वाले शूटर के तौर पर मुख्य आरोपी विकास जाट और एक अन्य का नाम प्रकाश में आया था। एक आरोपी मांगे ने दिल्ली में सरेंडर कर दिया था और विकास जाट को मुजफ्फरनगर पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। इसके अलावा इस दोहरे हत्याकांड में रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव मथेड़ी निवासी सुशील मूंछ, उसके बेटे टोनी और मांगे के रिश्तेदार धर्मवीर, अमित, रश्मि एवं हरिओम को 120बी का मुल्जिम बनाया था।
इनमें से धर्मवीर ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। अमित को शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया गया था। अब केवल सुशील मूंछ उसका बेटा टोनी, रश्मि एवं हरिओम फरार चल रहे हैं। मेरठ के थाना परतापुर थानाध्यक्ष राशिद अली ने सीजेएम कोर्ट मेरठ में धारा 83 की कार्रवाई के लिए अर्जी लगाई थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर कुर्की के आदेश जारी कर दिए थे। बुधवार को मेरठ के परतापुर पुलिस ने भारी पुलिस बल के साथ सुशील मूंछ के गांव मथेड़ी पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई के दौरान मकान के मुख्य दरवाजे के अलावा अन्य सभी दरवाजे और खिड़कियों को भी तोड़ डाला और उन्हें डीसीएम गाड़ियों में भर लिया। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक सामान, पंखे, फ्रिज, कूलर, एसी, सीसीटीवी कैमरा, एलईडी, सेफ, संदूक कई सूटकेस और ब्रीफकेस, जनरेटर आदि सामान को कुर्क कर लिया गया। कुर्की का पूरा सामान चार डीसीएम गाडिय़ों में भरकर परतापुर थाने भेजा गया।
कुर्की के दौरान भारी पुलिस बल तैनात
गांव मथेड़ी में फरार सुशील मूंछ के मकान की कुर्की की कार्रवाई के दौरान मेरठ के एसपी क्राइम शिवराम यादव के नेतृत्व में की गई। इस दौरान मेरठ से सीओ ब्रह्मपुरी अखिलेश भदौरिया, सीओ दौराला पंकज कुमार सिंह, सीओ खतौली डॉ राजीव कुमार सिंह, सीओ भोपा मौहम्मद रिजवान, सीओ फुगाना कालूराम के अलावा मेरठ के परतापुर, कंकरखेड़ा, दौराला सहित मेरठ के करीब दस थानों से पुलिस बल, तीन गाड़ियां पीएसी, फायर ब्रिगेड के अलावा मुजफ्फरनगर जिले के रतनपुरी, शाहपुर, बुढ़ाना, खतौली, छपार, नईमंडी, शहर कोतवाली, मीरापुर, महिला थाना आदि का पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद रहा।
कुर्की शुरू होते ही पहुंचे सुशील मूंछ के वकील
गांव मथेड़ी में फरार सुशील मूंछ के मकान की कुर्की कार्रवाई के दौरान उनके वकील अनुज शर्मा, मनमोहन शर्मा, वकार अहमद, विशाल दीक्षित एवं उस्मान सिद्दीकी भी पहुंच गए। वह कुर्की की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद रहे।
कैश और जेवरात की जानकारी नहीं दी
सुशील मूंछ के मकान के अंदर से कुर्क किए गए कैश और जेवरात की जानकारी पुलिस की ओर से नहीं दी गई। इसके अलावा पूरे सामान की सूची भी उपलब्ध नहीं कराई और न ही इस संबंध में मीडिया को कुछ बताया।
मूंछ की पत्नी, वकीलों ने विरोध भी किया
सुशील मूंछ की पत्नी ऊषा देवी एवं उनके वकीलों अनुज शर्मा, मनमोहन शर्मा, वकार अहमद आदि ने पुलिस द्वारा की जा रही कुर्की की कार्रवाई का विरोध भी किया। वकील अनुज शर्मा का कहना था कि कुर्की की कार्रवाई केवल चल संपत्ति की ही की जा सकती है, लेकिन उसके बावजूद पुलिस मकान के दरवाजे, खिड़कियां, रेलिंग आदि को भी उखाड़कर ले जा रही है। इस संबंध में उन्होंने एसपी देहात शिवराम यादव से भी बातचीत की, लेकिन कुर्की की कार्रवाई लगातार जारी रही।
टोनी ने पौड़ी गढ़वाल कोर्ट में किया सरेंडर
सुशील मूंछ के वकील अनुज शर्मा ने पुलिस को जानकारी दी कि मूंछ के बेटे मनजीत उर्फ टोनी ने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल कोर्ट में आत्मसमर्पण करने के व्हाट्सएप पर भेजे गए फोटो और कागजात भी पुलिस अधिकारियों को दिखाए।
टोनी लक्ष्मण झूला थाने के आर्म्स एक्ट के पुराने मामले में जमानत तुड़वाकर कोर्ट में पेश हुआ बताया गया है। इस पर पुलिस का कहना था कि कुर्की की कार्रवाई मेरठ के दोहरे हत्याकांड के संबंध में की जा रही है, जबकि टोनी अपने किसी पुराने मुकदमे में कोर्ट में पेश हुआ है। वकीलों ने कुर्की की कार्रवाई को गलत ठहराया है।
कुर्क संपत्ति मूंछ की पत्नी की बताई
सुशील मूंछ के वकीलों ने मीडिया को बताया कि मेरठ पुलिस द्वारा जिस प्रॉपर्टी की कुर्की की जा रही है, वह सुशील मूंछ की नहीं है, बल्कि ये सभी प्रॉपर्टी फैमिली कोर्ट के सेटलमेंट के अनुसार मूंछ की पत्नी ऊषा देवी के नाम है। पुलिस को इस बाबत अवगत कराने के बावजूद पुलिस ने उनकी किसी बात को नहीं सुना और कुर्की की कार्रवाई जारी रखी।