मीरापुर। संभलहेड़ा में बारात के दौरान हुई कहासुनी का बदला लेने को लेकर शनिवार को दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इस दौरान तीन महिलाओं सहित 20 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस अपनी ओर से रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी में जुटी है। गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। फिलहाल गांव में एहतियातन फोर्स तैनात कर दिया गया है।
संभलहेड़ा निवासी याकूब के पुत्र नवाब का बृहस्पतिवार को निकाह हुआ था। इस दौरान गांव के ही रईस और शहजाद के बीच कहासुनी हो गई थी। मामले को लेकर कुरैशी समाज के जिम्मेदार लोगों ने बैठक कर इसे निपटा दिया था। शनिवार दिन में दोनों पक्षों में फिर से कहासुनी हो गई। इस दौरान दोनों और से जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हो गया।
गांव में संघर्ष होने से भगदड़ मच गई और लोग खुद को बचाते हुए घरों में दुबक गए। दोनों ओर से फायरिंग भी हुई। एक युवक ने तमंचे से कई हवाई फायर किए। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भारी फोर्स के साथ गांव में पहुंचे और लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ा।
पुलिस को देख आरोपी मौके से फरार हो गए। संघर्ष में तीन महिलाओं सहित 20 लोग घायल हो गए। घायलों में से पुलिस ने रईस पक्ष के नवाब, कामिल, ताजीम, शादीब, कालू , मुस्तकीम और दूसरे पक्ष के शरीफ, फजला, फारूक, शकील आदि को जानसठ अस्पताल में भर्ती कराया। अन्य घायलों को स्थानीय चिकित्सकों को यहां दिखाया गया। गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। अफसरों ने एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने कहा कि मामले में पुलिस की ओर से रिपोर्ट दर्ज की जाएगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।