खतौली (मुजफ्फरनगर)। दहेज की मांग पूरी नहीं होने से खफा युवक ने ससुराल में पहुंचकर अपनी पत्नी पर फावड़े से वार कर दिया। शोर मचाने पर बीचबचाव कराने पहुंची सास का भी गला दबाकर मारने की कोशिश की। महिलाओं के चीखने पर ग्रामीण वहां पहुंचे और आरोपी युवक को दबोच लिया। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घायल महिला को मेरठ रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। युवती के भाई की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव कैलावड़ा निवासी किरणपाल सैनी की पुत्री सपना 30 मार्च को किसी बात से नाराज होकर घर से चली गई थी, जिसके बाद सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर सपना की मुलाकात थाना तीतरो क्षेत्र के गांव रादोर निवासी संदीप सैनी पुत्र नेत्रपाल से हुई। पुलिस के मुताबिक संदीप सहारनपुर में आर्मी के डिपो में नौकरी करता है, जहां दोनों में प्रेम प्रसंग हो गया और संदीप उसकोे सहारनपुर में अपने कमरे पर ले गया। युवती के पिता किरणपाल ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने सहारनपुर से प्रेमी युगल को बरामद कर लिया था। प्रेमी युगल के परिजनों के बीच सहमति बनने पर 16 अप्रैल को आर्य समाज मंदिर में शादी करा दी थी।
इसके बाद 23 अप्रैल को दोनों की कोर्ट मैरिज करा दी गई। विवाहिता के परिजनों का कहना है कि संदीप और उसके परिजन दहेज में पांच बीघा जमीन नाम कराने, पांच लाख रुपये नगद सहित कार देने की मांग करते हुए सपना को प्रताड़ित करने लगे। एक माह पूर्व मायके वाले सपना को अपने घर लेकर आ गए थे। रविवार सुबह करीब चार बजे पति संदीप पड़ोसी के मकान से घुसकर अपने ससुर किरणपाल के मकान में पहुंचा। मकान में संदीप ने हत्या करने के इरादे से अपनी सपना के गर्दन पर फावड़े से प्रहार किया। विरोध करने पर फावड़ा मारकर उसकी दो उंगली काट दी। इस दौरान पति ने सास मुनेश की भी गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की।
परिजनों ने घायल सपना को मेरठ के गोस्वामी हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। पुलिस ने युवती के भाई दीपक की ओर से हमले के आरोपी पति संदीप, ससुर नेत्रपाल, देवर सोनू व सास के विरुद्ध हत्या के प्रयास करने सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, इंस्पेक्टर एपी भारद्वाज ने बताया कि हमलावर पति को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
पति ने गांव में चार दिन पूर्व रेकी की थी
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि संदीप का मकसद सपना की हत्या करना था। गांव में चार दिन पूर्व संदीप आया था और ससुराल वालों के मकान के ईद गिर्द घूमकर रेकी करके गया था। विवाहित के परिजनों ने बताया कि सपना की गर्दन पर फावड़े से प्रहार करने के बाद संदीप ने पत्नी को मरा समझ लिया था। इसके बाद उसने सास का गला दबाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की।