मुजफ्फरनगर। शाहबुद्दीनपुर रोड पर पड़ी निर्माण सामग्री को लेकर अलग-अलग समुदाय के दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसके बाद लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर दौड़ी पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शाहबुद्दीनपुर रोड कश्यप समुदाय के जगबीर के मकान में निर्माण कार्य चल रहा है।
घर के बाहर रास्ते पर निर्माण सामग्री लाकर डाली गई थी। मोहल्ले में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने इसका विरोध किया। निर्माण सामग्री से परेशानी बताकर फौरन नहीं उठाने की बात कही गई। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। दोनों तरफ के लोग जुटे और मारपीट हुई।
मामले को लेकर आसपास के दोनों समुदाय के लोग जुट गए। सांप्रदायिक मामले की सूचना पर शहर कोतवाल मय फोर्स पहुंचे। लोगों ने हंगामा करते हुए एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया गया। इस बीच जिम्मेदार लोग दोनों पक्षों को शांत करने के जुटे। काफी देर तक हंगामे के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत किया। बाद में पुलिस ने एक पक्ष के गय्यूर और दूूसरे पक्ष के पप्पू को हिरासत में लिया। कोतवाली लाकर शांति भंग करने के आरोप में चालान कर दिया।