चेकिंग में दौरान जब्त हुए पैसे
- फोटो : SELF
खतौली नेशनल हाईवे पर भंगेला पुलिस चौकी पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान ऑडी कार से 3.59 लाख रुपये की नगदी पकड़ी। सीओ ने पकड़ी गई रकम को सीज करा दिया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान कई गाड़ियों के हूटर उतारकर कब्जेे में लिए।
भंगेला चौकी के सामने बृहस्पतिवार एसआई मनोज कुमार, एसआई बच्चन सिंह अत्री पुलिस टीम के साथ बेरिकेडिंग लगा कर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। शाम के समय दिल्ली की ओर से ऑडी कार आ रही थी। जिसको पुलिस ने रोक लिया। एसआई मनोज कुमार ने कार की तलाशी ली तो उसमें 3.59 लाख रुपये मिले। सूचना मिलने पर सीओ हरिराम यादव व इंस्पेक्टर केपी सिंह भी भंगेला पुलिस चौकी पर पहुंचे। सीओ ने कार सवारों से पैसे के बारे में पूछताछ की।
सीओ ने बताया कि कविनगर गाजियाबाद निवासी दिलीप पंवार पुत्र वीर सिंह ऑडी कार में अपने साथी दीपक पुत्र रामदास को साथ लेकर टिहरी गढ़वाल में न्यू ऑडी कार का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए जा रहा था। इनकी कार में 3.59 रुपये की नगदी थी। सीओ ने बताया कि पैसों को सीज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। इस दौरान स्टेटिक टीम प्रभारी मनोज कुमार, फ्लाइंग टीम प्रभारी पीडब्लूडी अधिशासी अभियंता अमित कुमार भी मौके पर पहुंच गए थे। इसके अलावा पुलिस टीम ने दिनभर चेकिंग अभियान चलाते हुए गाड़ियों के हूटर उतारकर जब्त किए।