खतौली। कस्बा स्थित रोडवेज डिपो परिसर में परिवहन निगम के कैशियर रूम से कैश लेकर निकले आईसीआईसीआई बैंक के गार्ड से पल्सर सवार चार बदमाशों ने 10.83 लाख का कैश लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टलों से गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इससे अफरातफरी मच गई।
बदमाश फायरिंग करते हुए नेशनल हाईवे की ओर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। घटना के बाद एसएसपी केबी सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड टीम से जांच-पड़ताल कराई, लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली।
दयालपुरम कॉलोनी निवासी सुरेंद्र पुत्र चमन सिंह आईसीआईसीआई बैंक में गार्ड की नौकरी करता है। सोमवार सुबह करीब 10 बजकर 20 मिनट पर गार्ड सुरेंद्र बाइक लेकर रोडवेज बस अड्डे पर टिकटों की बिक्री का कैश लेने के लिए पहुंचा। गार्ड ने रोडवेज डिपो परिसर में बाइक खड़ी की और परिवहन निगम के कैशियर रूम से कैश लेने के लिए चला गया।
गार्ड को कैशियर ब्रह्म सिंह ने बैंक में जमा कराने के लिए 10 लाख 83 हजार 625 रुपये कैश दिया। गार्ड नोटों से भरा बैग लेकर बाइक पर बैठने वाला ही था कि तभी काले रंग की पल्सर बाइक सवार एक बदमाश उसके पास पहुंचा। इस अकेले बदमाश ने गार्ड को पकड़ लिया। इतने में पीछे से तीन बदमाश और आ गए।
चारों बदमाशों ने गार्ड के साथ कैश छीनने के लिए हाथापाई शुरू कर दी। गार्ड ने जब नोटों से भरा थैला नहीं छोड़ा तो बदमाशों ने पिस्टल निकाल कर जान से मारने की धमकी दी और उसे नीचे गिराकर बैग छीन लिया। बदमाश नोटों से भरा बैग लूटकर बाइक पर बैठकर भागने लगे तभी गार्ड ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर रोडवेज कर्मचारियों ने बदमाशों को घेरने का प्रयास किया। बदमाशों ने खुद को घिरता देख बाइक पर बैठे-बैठे पिस्टलों से गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलियां चलने से रोडवेज डिपो परिसर और आसपास के दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। गोलियां चलने पर कर्मचारी पीछे हट गए और इसका फायदा उठाकर बदमाश नेशनल हाईवे की ओर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर सीओ डीके मित्तल ने पुलिस बल के साथ बदमाशों को पकड़ने के लिए हाईवे पर भागदौड़ की, इसके बावजूद बदमाश भागने में कामयाब हो गए। एक घंटे बाद एसएसपी केबी सिंह ने रोडवेज डिपो पहुंचकर घटनास्थल का मौका मुआयना किया और कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली।
डॉग स्क्वायड टीम ने भी घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की। एसएसपी केबी सिंह का कहना है कि शीघ्र ही लूट की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। वारदात के खुलासे के लिए सीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई है।
अहम बात यह है कि कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव के कस्बे में आने को लेकर पहले से ही अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात था। कई जगह नाकेबंदी की गई थी। इसके बावजूद बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देकर आराम से फरार हो गए।