पुलिस को घटना की जानकारी देता पीड़ित।
- फोटो : अमर उजाला
मोहल्ला किदवईनगर में बदमाशों ई-रिक्शा चालक के परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की। बदमाशों ने चालक के मासूम बेटे की कनपटी पर तमंचा रखकर परिवार को बंधक बनाया। करीब एक घंटे तक बदमाशों ने मकान को खंगाला और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, नगदी लूटकर फरार हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला किदवईनगर निवासी मोहम्मद सलीम ई-रिक्शा चलाता है। रविवार रात को सलीम के मकान पर कुछ लोग पहुंचे और किराए पर ई-रिक्शा ले जाने की बात कही, लेकिन जैसे ही सलीम ने दरवाजा खोला तो बदमाशों ने तमंचा तान दिया। चारों बदमाशों ने तमंचों के बल पर सलीम, उसकी पत्नी और बेटे को बंधक बना लिया। बदमाशों ने सलीम को रस्सी से बांध दिया और तसल्ली से पूरे मकान को खंगाला।
अलमारी में रखे 26 हजार रुपये, सोने का हार, कुंडल आदि लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने बच्चे की कनपटी पर तमंचा रखकर मारपीट की। बच्चे के रोने पर बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। बदमाश सलीम के मकान से करीब 60 हजार रुपये का माल समेट कर ले गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग कराई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। पीड़ित सलीम ने बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।