पीडितों से घटना की जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
खतौली में घर के बाहर से बाइक सवार दो युवक बालिका के हाथ से डेढ़ साल के बालक को छीनकर कर ले गए। बालक के अपहरण से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस और आसपास लोगों ने नाकाबंदी कर बाइक सवारों को पकड़ने का काफी प्रयास किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। सीओ ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बाग बस्ती भूड़ निवासी गुलजार के डेढ़ साल के बालक जीशान को उसके भाई जुल्फिकार की सात सात साल की बेटी फिजा सोमवार शाम को घर के बाहर खिला रही थी। इसी दौरान बाइक पर दो लोग वहां पहुंचे और फिजा के हाथों में से जीशान को छीनकर कर ले गए। फिजा ने घर में पहुंचकर शोर मचा दिया। बालक के अपहरण को लेकर परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ले के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मोहल्ले के लोग भी बाइक सवारों को पकड़ने के लिए अपने वाहनों से इधर उधर दौड़ पड़े। पुलिस ने भी बाइक सवारों की तलाश में काफी भागदौड़ की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। पुलिस ने कई स्थानों पर नाकेबंदी भी कराई। इसके बावजूद देर शाम तक बाइक सवारों का पता नहीं चल सका था। सूचना मिलने पर सीओ डॉ. राजीव कुमार सिंह भी पीड़ित परिजनों से मिले और घटना की जानकारी ली। परिजनों की ओर से थाने में अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ अपहरण की तहरीर दी गई है। पुलिस बाइक सवारों की तलाश में जुटी है।