फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से किया इंकार  

Tue, 07 Mar 2017 11:48 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
मृतक के परिजनों को समझाते परिजन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
भौराकलां गांव में रविवार को हुई टिंकू कश्यप की हत्या में नामजद हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने से क्षुब्ध परिजनों ने मंगलवार को शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। परिजन शव को घर में रखकर बैठ गए। इसकी जानकारी मिलने पर एसडीएम बुढ़ाना और सीओ फुगाना ने गांव में पहुंचकर परिजनों और समाज के लोगों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद टिंकू के शव का अंतिम संस्कार किया गया।      
विज्ञापन


 भौराकलां गांव के हरपाल कश्यप का युवा बेटा टिंकू गांव के ही सोमपाल के निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहा था। रविवार को सोमपाल के पुत्र अजीत अपने साथी सुबोध के साथ निर्माण का सामान लेने ट्रैक्टर-ट्रॉली से बुढ़ाना गया था। दोनों टिंकू को भी अपने साथ बुढ़ाना ले गए थे। रविवार देर शाम टिंकू का शव गांव में ट्रैक्टर ट्रॉली में मिला। टिंकू के पिता हरपाल ने सुबोध व अजीत  के विरुद्ध टिंकू  की पीट-पीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद मुकदमा दर्ज कराया।

सोमवार देर शाम को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मगर अभी तक हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। मंगलवार सुबह टिंकू के परिजन शव को घर में रख कर बैठ गए। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी व आर्थिक सहायता की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी वे शव का दाह संस्कार नहीं करेंगे। मृतक के यहां रिश्तेदारों व कश्यप समाज के काफी लोग जमा हो गए।  समाज  के लोगों की भीड़ देख कर भौराकलां  पुलिस ने अधिकारियों को अवगत कराया।
विज्ञापन


आला अधिकारियों के निर्देेश पर एसडीएम बुढ़ाना श्याम अवध चौहान और सीओ  फुगाना अरुण कुमार मौके पर पहुंचे। एसडीएम और सीओ ने पीड़ित परिजनों को समझाया तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ हरसंभव आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया।  सीओ अरुण कुमार ने एसओ भौराकलां जयभगवान सिंह यादव को टिंकू के परिजनों को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने का आदेश दिया। अधिकारियों के आश्वासन पर दोपहर बाद पुलिस सुरक्षा में टिंकू के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। सीओ फुगाना ने बताया कि फरार नामजद हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस की दो टीमों को गठन किया गया है, जो उनकी तलाश में विभिन्न स्थानों पर भेजी गई है।      
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें