भोपा से 12 दिन पहले जंगल से गायब हुई युवती को हरियाणा में बंधक बना उसके साथ बलात्कार किया। युवती किसी तरह वहां से निकल कर परिजनों के पास लौट आई। पुलिस ने आरोपी को कासमपुरा चौराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव के ग्रामीण ने पांच मई को अपनी बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बताया था कि जंगल में वह अपनी पत्नी व बेटी के साथ गन्ना छीलने गया था। खेत में काम करने के दौरान उसकी बेटी पानी लेनी गई और वापस नहीं आई। पुलिस व ग्रामीण युवती की तलाश में जुटे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
एसआई शिवकुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह युवती अपने घर पहुंची और बताया कि उसे गांव में रह रहा हरियाणा के थाना बरोदा के गांव जागसी निवासी राकेश बहका-फुसलाकर अपहरण कर सोनीपत ले गया और वहां बंधक बनाकर उसके साथ दुराचार किया। किसी प्रकार वह वहां से निकल भागी।
पुलिस ने गुमशुदगी को अपहरण और दुष्कर्म के मुकदमे में तरमीम कर पीड़िता को डॉक्टरी मुआयने के लिए जिला अस्पताल भेजा। उधर, पुलिस ने दबिश देकर आरोपी राकेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। युवती के न्यायालय में बयान कराए जाएंगे।