मुजफ्फरनगर। सोमवार शाम को ए टू जेड रोड पर नई मंडी पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पकड़ा गया बदमाश मेरठ जिले का गुलफाम है, जो शातिर लुटेरा बताया गया है।
नई मंडी कोतवाली इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा सोमवार शाम को परिक्रमा चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे, तभी किसी ने सूचना दी कि वैगनवार कार में दो संदिग्ध युवक हैं, जो तमंचे लिए हैं और किसी वारदात की नीयत से घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की।
इसी दौरान अग्रसेन विहार की ओर से एक वैगन आर कार आई, जिसे पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। कार सवार बदमाश घेराबंदी तोड़ कर एटूजेड़ कालोनी रोड की ओर भागे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों की कार कालोनी के पास एक प्लाट की दीवार से टकरा गई। पुलिस को पास आता देख बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागे।
मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर वहीं गिर गया, जिसे पुलिस ने दबोच लिया, जबकि दूसरा बदमाश जंगल में फरार हो गया। सूचना पर एसपी सिटी ओमवीर सिंह और सीओ नई मंडी योगेंद्र सिंह, शहर इंस्पेक्टर अनिल कपरवान, सिविल लाइन इंस्पेक्टर डीके त्यागी को लेकर मौके पर पहुंचे। फरार बदमाश की तलाश में कांबिंग की, मगर बदमाश हत्थे नहीं चढ़ सका। एसपी सिटी ने बताया ने बदमाश मेरठ के थाना भावनपुर क्षेत्र के गांव जेई निवासी गुलफाम पुत्र इंतजार है। तमंचा, कारतूस, कार बरामद की गई है।