खतौली। एक महिला ने थाने में तीन लोगों के विरुद्ध घर में घुसकर तमंचों के बल पर गैंगरेप करने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पीड़िता को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया। पुलिस ने एक नामजद आरोपी को हिरासत में लिया है।
इंस्पेक्टर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि नगर निवासी एक महिला ने तहरीर देकर बताया कि तीन लोग उसके मकान में घुस गए।
आरोप है कि इन लोगों ने तमंचों के बल पर उसके साथ गैंगरेप किया। महिला की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने जांच पड़ताल के लिए रविवार की रात को ही एक नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया था, जिससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने पीड़िता को डॉक्टरी परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक पीड़िता की मां व पिता हत्या के मामले में जेल में बंद है।
गैंगरेप की घटना से मुकरी पीड़िता
चरथावल। एक हफ्ते पूर्व चाचा-भतीजे पर लगाए गए गैंगरेप के आरोपों से पीड़िता मुकर गई है। पुलिस द्वारा कोर्ट में नाबालिग लड़की के बयान के बाद पुलिस ने इस मामले में दोनों को बेकसूर मानते हुए मुकदमा खारिज कर दिया है।
गत 22 फरवरी को दधेडू़ चौकी क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की को घर में खींचकर गैंगरेप का आरोप लगाते हुए मां ने दो लोगों पर केस दर्ज कराया गया था।
एक आरोपी को परिजनों द्वारा खुद पकड़ कर पुलिस को सौंपा था। पीड़िता की मां ने पकड़े गए युवक और उसके चाचा को गैंगरेप का आरोपी बनाया था।
लेकिन पुलिस तफ्तीश में मामला झूठा पाया गया। दरअसल, मेडिकल कराने के बाद पीड़िता के कोर्ट में बयान कराए तो मामले में नया मोड़ आ गया। लड़की ने बयानों में अपने साथ कभी भी किसी व्यक्ति द्वारा बलात्कार की घटना से इंकार कर दिया।
विवेचक रवींद्र सिंह तेवतिया ने बयानों का अवलोकन करने के बाद आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई खत्म करते हुए जेल से रिहा करने की रिपोर्ट भेज दी है। पुलिस ने चाचा-भतीजे को क्लीन चिट देते हुए मामला खारिज कर दिया है।