जानसठ के चितौड़ा गांव में शनिवार सुबह मामूली बात पर मुस्लिम समुदाय के दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों तरफ से धारदार हथियार और लाठी, डंडे चले। जिसमें एक युवक की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस ने गांव में पहुंचकर भीड़ को तितर-बितर किया। घटना से गांव में सन्नाटा पसरा है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। मृतक पक्ष की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव चितौड़ा में शुक्रवार को शिया अंसारी समाज का हसीन अब्बास पुत्र रहीस अब्बास पास की दुकान पर आटा खरीदने गया था। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी दुकानदार ने आटा नहीं दिया तो उनमें कहासुनी हो गई। उस समय गांव के लोगों ने दोनों को समझाकर शांत कर दिया।
शनिवार सुबह हसीन अब्बास का बड़ा भाई हुसैन अब्बास मुजफ्फरनगर जा रहा था, जैसे ही वह उस दुकान के सामने पहुंचा तो दुकानदार और उसके परिजनों ने नुकीले हथियार से उस पर हमला कर दिया। शोर सुनकर हुसैन अब्बास के तीन भाई और पिता उसे बचाने के लिए दौड़े, तो उन पर भी छतों से पथराव किया गया। देखते ही देखते हुए दोनों तरफ से पथराव होने लगा। गांव में भगदड़ मच गई।
सूचना पर सीओ जानसठ जगदीश सिंह और कोतवाल धनंजय मिश्र फोर्स के साथ गांव में पहुंच गए और लाठियां फटकार कर लोगों को खदेड़ा। इसके बाद घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां 25 वर्षीय हुसैन अब्बास को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और रहीस अब्बास को रेफर कर दिया।
वहीं दूसरे पक्ष से बाला उर्फ वहीद घायल हुआ है। मृतक के फुफेरे भाई इशरत अली ने आठ लोगों बाला उर्फ वहीद, जाफर, वाकर, जर्रार, अबरार, नसरीन, करार, जब्बार के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है। गांव में तनाव को देखते हुए सिखेडा, मीरापुर, भोपा, रामराज, खतौली थानों की फोर्स और पीएसी बुला ली गई। एसपी क्राइम राकेश कुमार जौली ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली।