फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुजाहिदपुर में महिला की फांसी लगा कर हत्या

Fri, 20 Jul 2018 12:29 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
महिला की मौत पर विलाप करते परिजन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
रतनपुरी के गांव मुजाहिदपुर में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता की पिटाई करने के बाद फांसी लगा कर हत्या कर दी गई। गाजियाबाद के गांव कनकपुर से पहुंचे मृतका के परिजनों ने हंगामा कर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सीओ बुढ़ाना ने जांच की तो मृतका के शरीर पर चोट और गले पर रस्सी के निशान मिले।
विज्ञापन


मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मृतका के पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत ले लिया है। तहसीलदार द्वारा पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। 

गाजियाबाद जनपद के थाना भोजपुर क्षेत्र के गांव कनकपुर निवासी पंकज कुमार पुत्र दिनेश कुमार ने रतनपुरी थाने पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। तहरीर के अनुसार पंकज की बहन सपना (26) की शादी 17 फरवरी 2012 को रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर निवासी चंद्रप्रकाश सोम के बेटे अरुण कुमार के साथ हुई थी।
विज्ञापन


आरोप है  कि पति अरुण कुमार, देवर अतुल कुमार, ससुर चंद्रप्रकाश और सास आशा उसकी बहन को अतिरिक्त दहेज की मांग के लिए प्रताड़ित करते थे। काफी दिनों से ससुराल वाले दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। आरोप है कि बृहस्पतिवार सुबह ससुराल वालों ने सपना की पिटाई कर और फांसी लगा कर हत्या कर दी।

हत्या करने के बाद सुबह साढ़े पांच बजे ससुर चंद्रप्रकाश ने फोन पर मायके वालों को बताया कि सपना की अचानक मृत्यु हो गई है। सपना की मौत की खबर पाकर मायके वाले गांव मुजाहिदपुर पहुंचे। यहां आकर उन्होंने पाया कि सपना का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। उसके  गले पर रस्सी के निशान और चेहरे व अन्य शरीर पर चोट के काफी निशान थे। मायके वालों ने सूचना पुलिस को दी। रतनपुरी इंस्पेक्टर पंकज लवानिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी की।

दहेज हत्या की सूचना पर सीओ बुढ़ाना हरिराम यादव भी मौके पर पहुंचे। सीओ ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर घटना के संबंध में परिजनों से पूछताछ की। मृतक के परिजनों ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालवालों पर फांसी लगाकर सपना की हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस की सूचना पर  खतौली तहसीलदार न्यायिक दीपक कुमार और लेखपाल धर्मेन्द्र शर्मा व चंद्रपाल शर्मा मौके पर पहुंचे।

तहसीलदार न्यायिक ने शव के पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई पंकज कुमार तहरीर पर पुलिस ने मृतका के पति अरुण कुमार, ससुर चंद्रप्रकाश, सास आशा, देवर अतुल कुमार के विरुद्ध  रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। सीओ हरिराम यादव ने बताया कि पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
 
बच्चों के सिर से मां का साया उठा 
मृतका का पति अरुण कुमार दिल्ली में बैंक की कैश वैन का चालक है। मृतका के पांच वर्षीय पुत्री आयुषी और ढ़ाई वर्षीय पुत्र आयुष के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। बच्चों का रो रोक कर बुरा हाल है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें