जौली मार्ग पर बदमाशों ने बाइक सवार युवकों से तमंचे के बल पर लूट लिया। विरोध करने पर मारपीट की और फरार हो गए। सूचना पर भोपा, ककरौली पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में कांबिंग भी की, लेकिन कोई भी हाथ नहीं लगा। पीड़ितों ने लुटेरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम रूड़कली निवासी मुदस्सिर पुत्र अमीर हुसैन शनिवार को अपने चचेरे भाई सद्दाम के साथ बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर दवाई लेने गया था। लौटते समय रात्रि दस बजे के करीब जब जौली मार्ग पर पहुंचे तो बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनसे करीब पांच हजार रुपये और बाइक लूट ली। दूसरी ओर शनिवार की रात्री में ही किशनपुर निवासी मुत्तलिब को भी बदमाशों ने लूट लिया। अलीपुरा तिस्सा के जंगल से लुटेरों ने 19 हजार रुपये लूट लिए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने उसे तमंचे की बट से हमला कर घायल कर दिया। यह मामला थाना ककरौली क्षेत्र का बताया जा रहा।
बदमाशों ने भाई बहन को लूटा, विरोध करने पर घायल किया
चरथावल। बेखौफ पल्सर सवार बदमाशों ने पावटी-चरथावल मार्ग पर हथियारों के बल पर भाई-बहन से लूटपाट की। भाई से 10 हजार रुपये नगदी लूटने के बाद कुंडल छीनने पर बहन ने विरोध किया तो उसे पीटकर घायल कर दिया गया। सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव विज्ञाना निवासी इमरान अपनी बहन इसराना को लेकर ससुराल पावटी आया हुआ था। रविवार दोपहर करीब तीन बजे बाइक से बहन को लेकर वह चरथावल आ रहा था। रास्ते में आते हुए अलावलपुर तिराहे पर काली पल्सर पर सवार दो युवकों ने तमंचों की नोंक पर इमरान की बाइक रोककर 10 हजार रुपये नगदी कब्जे में कर ली। इसके बाद बहन से सोने के कुंडल झटक लिये। विरोध करने पर बहन के साथ मारपीट की गई। कानों के कुंडल झटकने से इसराना के कानों से खून बहने लगा। लूटपाट के बाद बदमाश फरार हो गए।
बताया गया कि बदमाशों ने बाइक की नंबर प्लेट को कपड़े से ढका था। रिश्तेदारों से लूटपाट की खबर लगने पर पावटी में ऐलान कि बाद लोग थाने पहुंच गए। उन्होंने आए दिन लूटपाट की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए थाने का घेराव किया। देर शाम भाकियू कार्यकर्ताओं ने भी थाने पहुंचकर हंगामा करते हुए धरना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि एक पखवाड़े में पुलिस की लापरवाही से इसी जगह लूटपाट की तीसरी घटना हुई है। दो घटनाओं की पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। हंगामे के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ सदर अकील अहमद ने भी मौके को मुआयना किया।