बहसूमा थाना क्षेत्र में मिला शव मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव कासमपुर भुम्मा निवासी सतीश सिंह का था। सतीश करीब दो वर्ष से बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव मोड़खुर्द में रह रहा था। मृतक की पत्नी ने पति की हत्या के आरोप में अपने पुत्र सहित तीन युवकों को नामजद किया है।
मीरापुर के गांव कासमपुर भुम्मा निवासी सतीश पुत्र जयपाल सिंह और अनुज पुत्र ओम सिंह गांव के ही एक युवक के अपहरण के मामले में वांछित थे। इस मामले की विवेचना सीओ जानसठ द्वारा की गई थी। तीन जनवरी 2015 को दर्ज मामले के आधार पर सतीश और अनुज जेल गए थे। सतीश ने जमानत पर आकर गांव छोड़ दिया था। मेरठ जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव मोड़खुर्द में अपनी ससुराल में रह रहा था।
सोमवार रात तीन युवकों ने सतीश की गला घोटकर हत्या कर दी थी और शव को एक बाइक पर लादकर उसे बहसूमा थाना क्षेत्र की नहर के किनारे ठिकाने लगाने के लिए लेकर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बाइक से टकरा जाने के कारण बाइक सवार युवक शव को मौके पर छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने शव की पहचान सतीश पुत्र जयपाल सिंह निवासी कासमपुर भुम्मा थाना मीरापुर के रूप में की है।
मृतक की पत्नी विमलेश ने अपने पति की हत्या के आरोप में अपने बेटे अंकित पुत्र सतीश, शुभम पुत्र महिपाल व रंजीत पुत्र लखवेंद्र सिंह निवासी रामराज को आरोपित कर थाना बहसूमा में मुकदमा दर्ज कराया है। एसओ बहसूमा अजय चौधरी ने बताया कि मृतक के पुत्र अंकित को अपने पिता सतीश के चाल-चलन पर संदेह था। इसी कारण उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। बहसूमा और मीरापुर पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में लगी है।