अस्पताल में गमजदा विवाहिता के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
शाहपुर में एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। मायके से आए परिजनों न उसकी मौत पर हंगामा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मृतका के भाई की ओर से पति, सास, जेठ, ननद के खिलाफ धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, सभी आरोपी फरार हो गए।
मेरठ जनपद के थाना फलावदा थानाक्षेत्र के गांव बातनौर निवासी फकरुद्दीन पुत्र इद्दू तेली ने शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। बताया कि उसकी बहन फहमीदा का निकाह शाहपुर कस्बे के मोहल्ला दरबार के पास ठठेरान निवासी जावेद पुत्र हकीमुद्दीन के साथ हुआ था ।
आरोप है कि निकाह के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर पति जावेद, सास हमीदन, ननद रुकसाना और जेठ आबिद उसे प्रताड़ित करने लगे थे। इसके चलते फहमीदा अपनी ससुराल में परेशान रहती थी। शनिवार की शाम फहमीदा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ गई।
उसे देेखकर ससुराल वाले उपचार दिलाने के बजाए उसे छोड़ कर फरार हो गए। उसे परिवार के अन्य लोगों और मोहल्ले वालों ने कस्बे के अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गयी।
मोहल्ले वालों की सूचना पर मायके वाले मौके पर पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझा बुझा कर शांत किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
उधर, इंस्पेक्टर शाहपुर कुशलपाल सिंह ने बताया कि पति जावेद उड़ीसा में कपड़े की फेरी लगाने का कार्य करता है। वर्तमान में वह उड़ीसा में ही है। शनिवार की शाम किसी बात को लेकर उसकी अपने पति से मोबाइल पर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद मृतका ने जहरीला पदार्थ खा लिया। मृतका के भाई की ओर से ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।