विवाहिता की मौत के मामले में जांच करने पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
गांव बेलड़ा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे महिला के मायके वालों ने हत्या करने का आरोप लगाया। मृतका के भाई ने पति सहित सास, ससुर, जेठ के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा कायम कराया। पुलिस ने पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव बेलड़ा में तीन बच्चों की मां समीना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस की खबर जैसे ही महिला के मायके वालों को लगी तो वह बेलड़ा पहुंच गए। इसके बाद भोपा पुलिस को जानकारी देते हुए मखियाली निवासी मौमीन ने बताया कि उसकी बहन समीना की शादी कुछ साल पहले बेलड़ा निवासी मेहताब के साथ हुई थी।
आरोप है कि ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करते थे। आरोप है कि शनिवार रात्रि में पति महताब, ससुर इलियास, सास मिददन, जेठ शहजाद ने उसकी हत्या कर दी। समीना के तीन बच्चे महक, आयन, फरान हैं। पुलिस ने मृतका के भाई मौमीन की तहरीर पर मुकदमा कायम कर पति मेहताब और सास मिददन को गिरफ्तार कर लिया है।