मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के देवपुरम में बदमाशों ने एक महिला से कुंडल लूट लिए। सूचना पर पुलिस ने भागदौड़ की, मगर कोई सफलता नहीं मिल सकी।
देवपुरम कालोनी निवासी शशि मलिक शुक्रवार सुबह कालोनी में ही एक दुकान से सामान लेने गई थी। जब वह लौट रही थी तो रास्ते में दो बदमाश शशि मलिक को सम्मोहन क्रिया करते हुए उसके कुंडल लूटकर फरार हो गए। कुछ देर बाद होश आने पर महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग महिला के पास पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस को बताया गया। सूचना पर महिला के परिजनों और पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली ।
उधर, भोपा रोड निवासी रविश कुमार राठी की बाइक को मकान के बाहर से चोरी कर लिया गया। वह मकान के बाहर बाइक खड़ी करके घर में गया था, कुछ देर बाद बाहर आया तो बाइक चोरी को चुकी थी। पुलिस ने बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हादसे की रिपोर्ट दर्ज ः बृहस्पतिवार देर शाम को बघरा तांगा स्टैंड पर हुए हादसे की रिपोर्ट बाग जानकीदार निवासी नौशाद कुरैशी ने शहर कोतवाली पर दर्ज कराई है। उसने क्रेन चालक तावली के मिंटू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। गत शाम हादसे में क्रेन की चपेट में आकर फलों की ठेली पर खड़ा नौशाद के दस साल के बेटे सैफ की मौत हो गई थी। किशोर की मौत से गुस्साएं लोगों ने चालक की धुनाई कर कर उसे घायल कर दिया था तथा क्रेन में भी तोड़फोड़ की थी। घायल चालक अस्पताल में भर्ती है।