लूटी गई कार की तलाशी लेती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
खतौली में हूटर लगी कार सवार बदमाशों ने ठेकेदारों को बंधक बनाकर उनकी गाड़ी लूट ली। पुलिस की सक्रियता और घेराबंदी करने पर बदमाश मीरापुर क्षेत्र के गांव मुझेड़ा के जंगल में कार को छोड़कर फरार हो गए। जबकि ठेकेदारों की कार में रखा लैपटॉप और बैग साथ ले गए।
मंसूरपुर के गांव सोंटा निवासी अजब सिंह आगरा निवासी दयाराम के साथ शुगर मिल में ठेकेदारी का काम करते हैं। शनिवार रात करीब 12 बजे दोनों आगरा से स्विफ्ट डिजायर कार से सोंटा लौट रहे थे। गंगनहर के पास पहुंचे तो, पीछे से हूटर लगी सेंट्रो कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक करके आगे लगा दी। ठेकेदारों ने समझा कि हूटर लगी गाड़ी किसी अधिकारी की है। इसलिए उन्होंने अपनी कार रोक ली। कार के रुकते ही बदमाश निकले और दोनों को बंधक बना लिया।
बदमाशों ने कार में रखा लैपटॉप और बैग लूट लिया। बैग में एटीएम कार्ड व जरूरी कागजात थे। इसके बाद बदमाश गंगनहर पटरी के रास्ते होते हुए मीरापुर की ओर चल दिए। रास्ते में बदमाशों ने दोनों ठेकेदारों को नीचे उतार दिया और उनकी कार को ले गए।
बदमाशों के जाने के बाद ठेकेदारों ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस ठेकेदारों के पास पहुंची और घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस की घेराबंदी से घबराकर बदमाश लूटी गई कार को मीरापुर क्षेत्र के गांव मुझेड़ा के जंगल में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार को बरामद कर घंटों बदमाशों को पकड़ने के लिए भागदौड़ की, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे।
उधर, ग्रामीणों ने बताया कि जंगल में खड़ी सफेद स्विफ्ट गाड़ी पर ब्लड लगा हुआ था। जिसको देखकर लोगों में सनसनी फैल गई थी। मीरापुर पुलिस के मुताबिक कार के अंदर से एक हैलमेट, एटीएम कार्ड और कपड़े बरामद किए थे।