नोएडा सेक्टर-63 स्थित एक बंद न्यूज चैनल के परिसर से लाखों का माल उड़ाकर भाग रहे पांच चोरों को शनिवार रात पुलिस ने छिजारसी कट के पास से धर दबोचा। इनके पास से करीब पांच लाख रुपये का इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान, एक मिनी ट्रक, तमंचा और तीन चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसएचओ बीआर जैदी ने बताया कि शनिवार रात को चेकिंग के दौरान छिजारसी कट पर नोएडा की ओर से आ रहे एक मिनी ट्रक को रोका गया तो उसमें सवार लोग भागने की कोशिश कर लगे। पुलिस ने सभी पांच युवकों को पकड़ लिया।
मिनी ट्रक से नौ बड़ी बैटरी, छोटी बैटरी, ब्रॉडबैंड डोंगल, हार्ड डिस्क समेत करीब पांच लाख रुपये का माल बरामद हुआ। युवकों की तलाशी में इनके पास से तमंचा और तीन चाकू बरामद किए गए।
पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे नोएडा सेक्टर-63 स्थित एक फैक्ट्री से माल चोरी कर भाग रहे थे। पुलिस ने जाकर जांच की तो बंद न्यूज चैनल के ऑफिस से चोरी की गई थी।
एसएचओ ने बताया कि पकड़े गए चोर आकाश, राहुल और आसिम विजयनगर, रियाजुद्दीन निवास घंटाघर और भानू प्रताप बिसरख के रहने वाले हैं। पांचों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
- आकाश है गिरोह का सरगना
आकाश ने बताया कि वह नोएडा की एक फैक्ट्री में काम करता था। कुछ दिन पहले नौकरी छूट गई। इसके बाद उसने बंद फैक्ट्रियों में चोरी की योजना बनाई। उसने और रियाजुद्दीन ने जाकर रेकी की। इसके बाद पांचों ने चोरी की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार गिरोह पहले भी चोरी की कई वारदातें कर चुके हैं।