सिखेड़ा। सिखेड़ा गांव में अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालवालों ने विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या कर दी। पुलिस को विवाहिता का शव छत के पंखे से लटका मिला। मृतका के परिजनों ने पति समेत पांच के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मुजफ्फरनगर के मोहल्ला लददावाला निवासी याकूब की पुत्री (25) शबनम का निकाह लगभग एक वर्ष पूर्व सिखेड़ा गांव निवासी जुबेर पुत्र जुल्फकार से हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी करने को लेकर शबनम के ससुराल वाले प्रताड़ित कर रहे थे। शनिवार दोपहर को शबनम का शव घर में छत के पंखे से लटका हुआ मिला। शबनम का शव छत से लटका हुआ मिलने की खबर से गांव में सनसनी फैल गई। किसी ग्रामीण ने इसकी खबर मृतका के परिजनों को दे दी। मृतका के मायके के लोग गांव में पहुंचे।
मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस गांव में पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घंटों हंगामे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की ननद जुल्फाना ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उसका भाई अपने क्लीनिक पर मुजफ्फरनगर गया हुआ था। पिता व मां भी घर पर नहीं थे, वह कपड़े धो रही थी। उसकी भाभी ने कमरे में अंदर से कुंडी बंद करके पंखे में फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। मृतका के भाई जुनैद की ओर से दी गयी तहरीर पर पति जुबेर, ससुर जुल्फकार, सास संजीदा, ननद जुल्फाना व देवर सालीम के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर लिया। पुलिस ने आरोपी पति जुबेर को गिरफ्तार कर लिया है।