भाजपा नेता राजा वाल्मीकि का फाइल फोटो।
- फोटो : amar ujala
मुजफ्फरनगर के खतौली कस्बे में होली चौक स्थित दूध की एजेंसी पर बुधवार सुबह बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने भाजपा नेता राजा वाल्मीकि पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलते ही बेकाबू भीड़ ने दुकान और बाइक में तोड़फोड़ की। भीड़ ने पालिकाध्यक्ष पारस जैन और उनके सुरक्षाकर्मियों की पिटाई कर दी। पुलिस ने पालिकाध्यक्ष को हिरासत में ले लिया है। मृतक के भाई की ओर से पालिकाध्यक्ष समेत पांच के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। एसएसपी बबलू कुमार ने कहा कि मामले की जांच-पड़ताल जारी है। पुलिस के मुताबिक हत्या की वजह एक मामले में पालिकाध्यक्ष के विरुद्ध मृतक के पिता का गवाही देना रहा है।
मोहल्ला देवीदास निवासी राजा वाल्मीकि (38) पुत्र बाबूलाल भाजपा की जिला कार्यकारिणी के सदस्य थे। पूर्व में वह नगर महामंत्री रह चुके हैं। पार्टी ने विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें यहां का प्रभारी भी बनाया था। होली चौक पर राजा की दूध की एजेंसी है। बुधवार की सुबह वह करीब 7.30 बजे होली चौक स्थित एजेंसी पर बैठे थे। इसी दौरान काले रंग की बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने राजा पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। सिर और सीने में तीन गोलियां लगने से राजा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए।
भाजपा नेता की हत्या की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची आक्रोशित भीड़ बेकाबू हो गई। भीड़ ने दुकान और बाइक में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर सीओ खतौली राजीव गौतम और कोतवाल कुशलपाल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत करने का प्रयास किया। इसी बीच मौके पर पहुंचे नगर पालिकाध्यक्ष पारस जैन और उनके सुरक्षाकर्मियों को भीड़ ने घेर लिया। भीड़ ने उन पर हत्या कराने का आरोप लगाते हुए उनकी पिटाई शुरू कर दी। पुलिस ने मुश्किल से सभी को भीड़ से छुड़ाया और उनकी जान बचाई। इसी बीच खतौली भाजपा विधायक विक्रम सैनी मौके पर पहुंचे। विधायक को देखते ही भीड़ ने नारेबाजी शुरू कर दी।
इस वारदात से नाराज भीड़ ने मेनरोड इंद्रा चौक पर जाम लगा दिया और पुलिस को शव को नहीं उठाने दिया। वाल्मीकि समाज के लोगों ने रोड पर चल रहे जैन समाज के रथ महोत्सव के पंडाल में कूड़ा डालकर कार्यक्रम बंद करा दिया। इस पर जैन समाज के लोग कोतवाली पहुंचे और मामले को लेकर रोष प्रकट किया। डीएम डीके सिंह और एसएसपी बबलू कुमार ने मौके पर पहुंचकर हालात की जानकारी ली। मृतक के घर के बाहर दोनों अधिकारियों को परिजनों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।
शाम तक आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने के बाद भीड़ ने सुबह 10.30 बजे शव पुलिस को उठाने दिया। मृतक के भाई राणा प्रताप की तहरीर पर पुलिस ने चेयरमैन पारस जैन, जेल में बंद गौरा, पूर्व सभासद राजू वाल्मीकि और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, पुलिस हिरासत में लिए गए चेयरमैन से अज्ञात स्थान पर पूछताछ की। एसएसपी बबलू कुमार ने कहा कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। क्राइम ब्रांच, सीओ जानसठ, सीओ खतौली सहित पांच टीमों का गठन कर हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए लगाया है।