फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साइकिल से साइड लगने पर की थी हत्या

Mon, 23 Nov 2015 12:27 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
जगपत भाटी की हत्या साइकिल की साइड लगने के कारण हुई थी। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक बदमाश को जेल भेज दिया। जबकि पकड़े गए उसके साथी से पुलिस पूछताछ कर रही है। जगपत का मोबाइल फोन भी बरामद हो गया है।
विज्ञापन


इंस्पेक्टर सुनील कुमार त्यागी ने किसान जगपत भाटी के मर्डर का खुलासा करते हुए बताया कि थाना जानी मेरठ के गांव कुराली निवासी भूपेंद्र पुत्र भोपाल गांव निवासी साथी अमर उर्फ गुड्डू, अरुण और एक अन्य बदमाश के साथ 24 अक्तूबर को खतौली आया था। भूपेंद्र की बुआ गांव मढ़करीमपुर में रहती है।

बदमाशों ने खतौली में पहले जमकर शराब पी। इसके बाद देर शाम चारों आरोपी गांव मढ़करीमपुर के लिए पैदल ही आ रहे थे। इसी बीच सफेदा बाईपास और मढ़करीमपुर रेलेव फाटक के बीच गांव टिटौड़ा निवासी किसान जगपत भाटी पुत्र बिशंबर साइकिल से खतौली आ रहा था।
विज्ञापन


रास्ते में जगपत की साइकिल की साइड इन बदमाशों को लग गई थी, जिस पर नशे में एक बदमाश ने हाथ में लिए हुए डंडे से जगपत भाटी के सिर पर वार कर दिया था, जिस कारण जगपत की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद बदमाशों ने मृतक की जेब से नगदी और मोबाइल फोन निकाल लिया था।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे मढ़करीमपुर फाटक के गेटमैन परमेश्वर से भी इन बदमाशों ने 150 रुपये की नगदी लूट ली थी। विरोध करने पर बदमाशों ने उसको मारपीट कर घायल कर दिया था। घटना को अंजाम देने के बाद चारों बदमाश मढ़करीमपुर चले गए थे।

मृतक के भाई प्रीतम सिंह ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़े गए बदमाश भूपेंद्र ने किसान की हत्या और लूट की घटना को कबूल कर लिया है। भूपेंद्र के कब्जे से किसान का लूटा गया मोबाइल फोन भी मिल गया है।

भूपेंद्र को पुलिस ने शनिवार को उसके घर से गिरफ्तार किया था। उसके एक अन्य साथी से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस ने भूपेंद्र को जेल भेज दिया है। बाकी बदमाशों की तलाश जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें