शहर कोतवाली के खादरवाला में हुए बवाल के बाद तैनात पुलिस फोर्स।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के खादरवाला में शुक्रवार रात दो समुदायों के बीच हुए सांप्रदायिक संघर्ष के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के दो युवकों को नामजद और दोनों पक्षों के करीब 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर कोतवाली के खादरवाला में शुक्रवार देर रात बाइक भिड़ने पर दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए थे। मामले में दोनों ओर से जमकर मारपीट और पथराव होने के बाद फायरिंग हो गई थी। एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह कई थानों और पीएसी के साथ मौके पर पहुंचे थे। घटनास्थल पर लोगों ने सीओ सिटी और शहर कोतवाल से धक्का-मुक्की की थी।
पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के आकिब और कपिल के अलावा दोनों ओर के 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। एसआई जितेंद्र सिंह की ओर से मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। अफसरों ने मौके पर एहतियातन फोर्स तैनात कर रखा है।
उधर, इसके अलावा प्रशासन ने इस मामले में शनिवार दोपहर खादरवाला के दोनों समुदाय के लोगों की बैठक ली। अफसरों ने लोगों को समझाया कि दोबारा से ऐसी घटना न होने पाएं। दोनों पक्षों से शांति से रहने के लिए कहा।