मुजफ्फरनगर। जेल के बाहर मिलाई के दौरान बैग चोरी का प्रयास कर रहे दो युवकों को कारागार स्टाफ ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। उधर, टिफिन में चावलों के भीतर चरस रखकर ले जा रहे मासूम को चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया।
शहर कोतवाली के खालापार निवासी जुनैद और पुरकाजी निवासी फुरकान रविवार दोपहर जेल में मिलाई करने आए थे। लाइन में खड़े व्यक्ति ने दोनों पर उनका बैग चोरी करने का आरोप लगाया। चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
कोतवाली पुलिस दोनों से पूछताछ करने में जुटी है। उधर, शामली के गढ़ीपुख्ता निवासी जेल में बंद गुफरान की मां सोमवार सुबह कारागार में मिलाई करने के लिए आई। इस दौरान बंदी का भाई और पांच साल का बेटा भी मां के साथ थे। लाइन में लगे रहने के दौरान मां ने मासूम को टिफिन देकर पहले भेज दिया और खुद लाइन में लगी रही। चेकिंग के दौरान कारागार के स्टाफ ने टिफिन खोलकर तलाशी ली तो उसके भीतर चावलों में रखी चरस पकड़ ली।