खतौली। पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो बदमाशों को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई दो ई-रिक्शा सहित दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। सीओ आशीष प्रताप सिंह ने कोतवाली में प्रेस वार्ता में पत्रकारों को बताया कि इंस्पेक्टर हरसरन शर्मा अपने साथ एसआई कुमेर सिंह, एसआई सुनील शर्मा, एसआई रईस खां, कांस्टेबल अमित यादव व विजय मांवी के साथ बृहस्पतिवार रात को चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गंगनहर अलकनंदा पर दो युवक किसी घटना को अंजाम देने के लिए खड़े हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी करके दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम मेरठ के थाना दौराला के हरिजन पट्टी विक्रमपुर निवासी जानू पुत्र अख्तर और मेरठ के शहजाद कालोनी, श्मशान घाट के पास मिलन पैलेस के पीछे गली में रहने वाले इमरान पुत्र इमामूद्दीन बताया।
पुलिस को तलाशी के दौरान दोनों बदमाशों ने एक ई-रिक्शा सहित दो तमंचों व कारतूस बरामद किए। बदमाशों ने इस ई-रिक्शा को बृहस्पतिवार सुबह चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी करने की घटना स्वीकार की। पुलिस ने बदमाशों की निशानदेही पर दूसरी ई-रिक्शा को पुराने चीतल के पीछे खाली पड़े कमरे से बरामद की।
बदमाशों ने दूसरी ई-रिक्शा को नई मंडी से चोरी की थी। बदमाश इन दोनों ई-रिक्शा को देवबंद में बेचने की फिराक में थे। उधर, सीओ आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों बदमाश अंतरराज्यीय वाहन चोर के गिरोह के सदस्य हैं। गिरोह मेरठ, अलीगढ़, मुरादाबाद, सहारनपुर आदि शहरों से वाहन चोरी करते हैं और उन वाहनों को ग्रामीण क्षेत्रों में बेच देते हैं। इस गिरोह को पकड़ने के लिए अन्य जनपदों में भी दबिश दी जाएगी। इन बदमाशों का इतिहास भी खंगाला जा रहा है।