फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंसूरपुर में चल रहा था गैस रिफिलिंग का अवैध प्लांट

Sat, 06 Oct 2018 11:49 PM IST
मुजफ्फरनगर/अमर उजाला/ब्यूरो
विज्ञापन
arrest - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। नेशनल हाईवे पर बेगराजपुर पुलिस चौकी की नाक के नीचे चल रहे गैस रिफिलिंग के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए क्राइम ब्रांच ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से दो बड़े गैस टैंकर (कैप्सूल), 54 कॉमर्शियल व चार घरेलू गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, गैस रिफिलिंग का पाइप व टाटा-एस बरामद किया गया है। रिफिलिंग के काले कारोबार में चौकी पुलिस की मिलीभगत की आशंका के चलते जांच के लिए अलग टीम का गठन किया गया है।
विज्ञापन


दिल्ली-दून नेशनल हाईवे पर मंसूरपुर क्षेत्र में बेगराजपुर पुलिस चौकी के ठीक पीछे गैस सप्लाई के बड़े टैंकर (कैप्सूल) से छोटे-बड़े गैस सिलेंडर की रिफिलिंग के अवैध कारोबार की सूचना बीती रात एसएसपी सुधीर कुमार सिंह को मिली थी। सूचना पर एसएसपी ने रात में ही क्राइम ब्रांच टीम को बुलाकर छापेमारी के आदेश दिए।

क्राइम ब्रांच टीम मौके पर पहुंची तो वहां एलपीजी गैस सप्लाई के दो बड़े टैंकर (कैप्सूल) से छोटे-बड़े सिलेंडरों में गैस रिफिलिंग करते कुछ लोग मिले, जिनमें से पांच लोगों को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि टैंकर चालक मौके से फरार हो गए। एसएसपी ने बताया कि मौके से दो गैस टैंकर, 52 कॉमर्शियल व चार घरेलू गैस सिलेंडर, एक कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पूरा भरा व एक आधा भरा हुआ, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, गैस रिफिलिंग का पाइप और टाटा-एस गाड़ी बरामद की गई।
विज्ञापन


गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गफ्फार पुत्र नसीरा निवासी खालापार, अली शेर पुत्र हमीद व फरमान पुत्र अब्दुल हमीद निवासीगण कूकड़ा, बाबर पुत्र मूसा निवासी न्याजूपुरा और मोहम्मद शान पुत्र शराफत निवासी दधेड़ू चरथावल शामिल हैं। एलपीजी गैस से भरे टैंकर गाजियाबाद के लोनी से उत्तराखंड के हरिद्वार जा रहे थे, जिनके चालक पुलिस टीम को देखकर फरार हो गए। सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं, पूरे मामले में चौकी पुलिस की कथित संलिप्तता के आरोपों की जांच के लिए एक अलग से टीम गठित की गई है, जो एसएसपी को जांच रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके बाद दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

गैस रिफिलिंग के अवैध धंधे में संदेह के घेरे में खाकी
मुजफ्फरनगर। बेगराजपुर चौकी पुलिस के ठीक पीछे चल रहे गैस रिफिलिंग के अवैध धंधे को लेकर कुछ पुलिसकर्मियों की निष्ठा संदेह के घेरे में है। सूत्रों के मुताबिक गैस रिफिलिंग के इस काले कारोबार के तार शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खालापार से जुड़े हुए हैं। अवैध धंधे का मुख्य आरोपी गफ्फार खालापार का ही रहने वाला है, जबकि बेगराजपुर चौकी का एक जिम्मेदार वर्दीधारी भी खालापार चौकी पर ही लंबे समय तक तैनात रहा है।

उक्त वर्दीधारी की निष्ठा इससे पहले भी कई बार संदेह के घेरे में रही है, लेकिन उसकी ऊंची पहुंच के चलते हर बार विभागीय कार्रवाई से वह बचता रहा है। माना जा रहा है कि रिफिलिंग  के काले कारोबार के मुख्य आरोपी व वर्दीधारी के बीच रिश्ते खालापार में ही परवान चढ़े, जिसके चलते उसके वर्तमान तैनाती स्थल बेगराजपुर चौकी क्षेत्र को काले कारोबार के लिए चुना गया।

एसएसपी सुधीर कुमार सिंह भी काले कारोबार व खाकी के इस गठजोड़ से इंकार नहीं कर रहे हैं। यही कारण रहा कि शुक्रवार देर रात करीब दो बजे की गई पुलिस कार्रवाई से मंसूरपुर थाना व बेगराजपुर चौकी पुलिस से पूरी तरह छिपाकर रखा गया था। एसएसपी का कहना है कि पूरे मामले में खाकी की किसी भी तरह की संलिप्तता की जांच के लिए अलग से टीम बनाई गई है। यदि किसी भी पुलिसकर्मी की भूमिका इस खेल में सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

60 हजार रुपये महीना में रोज लाखों के वारे-न्यारे
मुजफ्फरनगर। हाईवे पर बेगराजपुर चौकी पुलिस के ठीक पीछे चल रहे गैस रिफिलिंग के इस अवैध धंधे का कड़वा सच ये भी है कि खाकी के कुछ सिपहसालारों को काले कारोबार को नहीं पकड़ने के एवज में महज 60 से 80 हजार रुपये महीना दिए जाते थे। इन रुपयों के बदले में खाकी काले कारोबार को संरक्षण देती थी, जिसके चलते रोज गैस रिफिलिंग के इस खेल से लाखों के वारे-न्यारे किए जाते थे। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के मुताबिक शुक्रवार की ही बात करें तो महज दो टैंकरों से कुल 60 सिलेंडर रिफिल किए जाने थे, जिनमें से 56 कॉमर्शियल थे। एक कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमत करीब 1900 रुपये है, जिसके चलते उक्त दो टैंकरों से ही एक लाख रुपये से अधिक कीमत की गैस चोरी की जा रही थी। उन्होंने बताया कि गैस टैंकरों को सीज कर इसकी जानकारी गैस कंपनी को भी दे दी गई है।

मामूली लालच में बारूद के ढेर पर बैठा बेगराजपुर
मुजफ्फरनगर। हाईवे पर गैस टैंकरों से गैस रिफिलिंग का अवैध कारोबार कर रहे लोग मामूली लालच के चलते क्षेत्र में रहने वाले हजारों लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे थे। गैस टैंकरों से सिलिंडर में रिफिलिंग करने के लिए मामूली गैस पाइप का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो बेहद खतरनाक था। यदि जरा सी भी लापरवाही रिफिलिंग के दौरान हो जाती तो पूरा बेगराजपुर क्षेत्र चंद सेकेंडों में बारूद के ढेर पर बैठा होता, जिसमें हजारों जानें जा सकती थीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें