मुजफ्फरनगर। जिला कारागार में ड्यूटी बदलने को लेकर दो बंदीरक्षकों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान चोट लगने से एक बंदीरक्षक लहूलुहान हो गया। जेल के स्टाफ ने दोनों को छुड़ाया। जेल अधीक्षक राकेश सिंह ने कार्रवाई करते हुए दोनों बंदीरक्षकों को जेल से बाहर कर दिया।
जेल में बंदियों की मारपीट तो रोज सुनते आए हैं, लेकिन शनिवार को ड्यूटी बदले जाने के दौरान हुई कहासुनी में दो बंदीरक्षकों में ही जबरदस्त मारपीट हो गई। दोपहर दो बजे बंदीरक्षकों की आपस में ड्यूटी बदली जा रही थी। एक बंदीरक्षक करीब ढाई बजे अपनी ड्यूटी पर आया। जिससे बदली होनी थी, उस बंदीरक्षक ने लेट आने की बात कहकर विरोध प्रकट किया। इस बात पर लेट आने वाले बंदीरक्षक ने दूसरे को गाली दे दी।
इसी बात पर दोनों में पहले कहासुनी और बाद में मारपीट होने लगी। दोनों में जमकर गाली-गलौज हुई और लात-घूंसे चले। मारपीट में वर्दी भी फट गई। आसपास ड्यूटी कर रहे स्टाफ ने बड़ी मुश्किल से दोनों को अलग-थलग किया। छूटने के बाद भी दोनों एक-दूसरे को गाली देते रहे।
झगड़े में एक बंदीरक्षक के माथे पर चोट लगने से वह लहूलुहान हो गया। अधीनस्थों ने मामले की जानकारी जेल अधीक्षक को दी। जेल अधीक्षक राकेश सिंह ने दोनों को अपने सामने बुलवाकर मामले की जानकारी ली। बाद में सजा के तौर पर दोनों को ड्यूटी से हटाते हुए जेल से बाहर कर दिया।