मुजफ्फरनगर। पति-पत्नी और वो के संबंधों को लेकर शुक्रवार दोपहर कचहरी परिसर में मारपीट हो गई। जब मामला थाने में पहुंचा तो वहां भी जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन देकर सभी को शांत किया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के हनुमान चौक निवासी महिला अधिवक्ता की शादी कई साल पूर्व अंबा विहार निवासी युवक से हुई थी। दोनों के बच्चे भी है। महिला अधिवक्ता के अनुसार, मायका व ससुराल शहर में ही होने के कारण शौहर आए दिन उसके मायके में आता-जाता रहता था। इसी दौरान शौहर ने अपनी छोटी साली को प्रेम-प्रसंग में फंसा लिया और कुछ समय पूर्व दोनों घर से फरार हो गए, जिसके बाद दोनों ने निकाह भी कर लिया।
शौहर व बहन द्वारा निकाह कर लेने के चलते महिला अधिवक्ता ने उनके खिलाफ कोर्ट में याचिका दायर की हुई है। पीड़िता के अनुसार शुक्रवार को वह काम के सिलसिले में कचहरी परिसर आई थी, जहां उसे शौहर व छोटी बहन मिल गए। दोनों को टोकने पर उन्होंने महिला अधिवक्ता से गाली-गलौज के साथ ही जमकर मारपीट कर दी, जिससे हंगामा हो गया।
सूचना पर डायल-100 मौके पर पहुंची और महिला अधिवक्ता समेत तीनों को सिविल लाइंस थाने ले गई। वहां भी एक-दूसरे पर आरोप- प्रत्यारोप के चलते तीनों के बीच जमकर बखेड़ा हुआ। महिला अधिवक्ता का शौहर व छोटी बहन इस दौरान एक साथ ही रहने की जिद पर अड़े रहे। घंटों हंगामे के बाद महिला अधिवक्ता के साथ ही उसकी छोटी बहन ने भी एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।