मुजफ्फरनगर। जामिया नगर में हुई युवक की हत्या के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक शराब के नशे में हुई कहासुनी के बाद गोली मारकर युवक की हत्या की गई थी। इस मामले में अज्ञात में दर्ज मुकदमे में आरोपियों की नामजदगी की जा रही है।
दो दिन पहले जामियानगर से सुजडू गांव के रास्ते पर युवक का शव पड़ा मिला था। उसके सीने पर गोली लगी हुई थी। मृतक की शिनाख्त जसवंतपुरी निवासी मोहित पांचाल पुत्र राजपाल के रूप में हुई थी। मृतक के भाई गौरव पांचाल ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
इस केस की पड़ताल में जुटी शहर कोतवाली पुलिस ने मोहित की हत्या के आरोप में आनंदपुरी निवासी गौरव शर्मा और सुजडू निवासी एजाज को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला है कि मोहित की गौरव और एजाज से अच्छी जान पहचान थी। वह अक्सर एक दूसरे से मिलते थे।
रुपयों के लेनदेन को लेकर मोहित और एजाज के बीच कई दिन पहले तकरार हुई थी लेकिन बाद में मान- मनौव्वल हो गई थी। दो दिन पहले एजाज ने फोन करके मोहित को सुजडू बुलाया था। वहां पर गौरव भी मौजूद था। तीनों ने सुजडू और जामियानगर के रास्ते पर शराब पी।
शराब के नशे में रुपयों के विवाद में उनमें कहासुनी हो गई। इसी विवाद के दौरान एजाज और गौरव ने मिलकर मोहित की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए थे। इंस्पेक्टर चमन सिंह चावड़ा ने बताया कि दोनों हत्यारोपी पकड़ लिए गए हैं। हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज अज्ञात केस में नाम खोले जाएंगे।