शहर की आर्यपुरी कॉलोनी में बाइक सवारों हत्यारोपियों ने दिनदहाड़े सीकरी गांव के पूर्व प्रधान मोहम्मद अम्मार की गोलियों से भून कर हत्या कर दी। हत्या का कारण सीकरी गांव में चली आ रही चुनावी रंजिश बताया गया है। सीकरी में दो साल पहले हुए तस्लीम के मर्डर के मुकदमे में पूर्व प्रधान पैरवी कर रहे थे। शहर कोतवाली में हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है। उधर, पूर्व प्रधान की हत्या के बाद परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला चिकित्सालय में हंगामा भी किया।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव सीकरी के पूर्व प्रधान मोहम्मद अम्मार (55) पुत्र नुरुल्लाह की गांव के ही कुछ लोगों से जिला पंचायत चुनाव को लेकर रंजिश चल रही है। इसी रंजिश की वजह से वह काफी समय से यहां शहर में सिटी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लद्दावाला में परिजनों समेत रह रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह स्कूटर से कचहरी जा रहे थे। अंसारी रोड से होकर आर्यपुरी की गली नंबर एक में पहुंचे, तो तभी पीछे से बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और पिस्टल से पूर्व प्रधान के ऊपर फायरिंग कर दी।
सीने में दो और बगल में एक गोली लगने से पूर्व प्रधान मोहम्मद अम्मार लहूलुहान होकर वहीं पर गिर गए। उन्हें मृत समझ कर हमलावर बाइक से सदर बाजार की ओर फरार हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पूर्व प्रधान को जिला चिकित्सालय भेजवाया, जहां पर कुछ मिनटों बाद ही उपचार दौरान उनकी मौत हो गई। पूर्व प्रधान की हत्या की खबर पाकर एसएसपी अनंत देव, एसपी सिटी ओमवीर सिंह, सीओ सिटी हरीश भदौरिया, शहर कोतवाली संजीव शर्मा मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में पुलिस अधिकारी जिला चिकित्सालय पहुंचे। वहां आए परिजनों और परिचितों से घटना के संबंध में जानकारी ली। फरार हमलावरों को तलाश किया, मगर कोई सफलता नहीं मिली। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घर से ही पीछा कर रहे थे हत्यारोपी
मुजफ्फरनगर। हत्यारोपियों ने जिस तरह से हत्या की वारदात को अंजाम दिया, उससे माना जा रहा है कि हत्यारोपी लद्दावाला से ही पूर्व प्रधान के पीछे लगे थे। घासमंडी और अंसारी रोड पर भीड़ अधिक होने पर वो हमला नहीं कर सके, मगर जैसे ही पूर्व प्रधान आर्यपुरी की गली नंबर में पहुंचे तो सुनसान स्थान मिलने पर उन्होंने पूर्व प्रधान की गोलियों से भून कर हत्या कर दी। आर्यपुरी में घटनास्थल पर जांच के दौरान पुलिस को मौके से .32 बोर का एक बुलेट और खोखा पड़ा मिला, जिससे पता चलता है कि हत्यारोपी आधुनिक हथियारों से लैस थे।
सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जाएगा
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि आर्यपुरी और अंसारी रोड पर कई स्थानों पर दुकानों और मकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस का अनुमान है कि हत्यारोपी कैमरों में जरूर कैद हुए होंगे। एसपी सिटी ने शहर कोतवाली पुलिस को इन सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के निर्देश दिए है।
चुनावी रंजिश में हुआ मर्डर
मुजफ्फरनगर। मंगलवार शाम को शहर कोतवाली पुलिस में पूर्व प्रधान की हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया। सीकरी निवासी मौहम्मद कलीम पुत्र जहीर हसन की ओर से सीकरी के दिलशाद पुत्र इशरत, मुमताज पुत्र अजमत, रुड़की रोड निवासी आबिद पुत्र नुसरत और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। साथ ही कुछ लोगों को हत्या की साजिश रचने में नामजद कराया। तहरीर में हत्या का कारण चुनावी रंजिश बताया गया।
कलीम के अनुसार चुनावी रंजिश के चलते दो साल पहले गांव के ही जमशेद, गुलसनव्वर, नौशाद आदि ने उसके भाई खालिद को गोली मारी थी, इसके एक दिन बाद इन्हीं लोगों ने 16 अक्तूबर 2015 को उसके भतीजे तस्लीम की गोली मार कर हत्या कर दी थी। इस हत्या में नामजद जमशेद, गुलसनव्वर, नौशाद जेल में बंद है। तस्लीम हत्याकांड की पूर्व प्रधान मोहम्मद अम्मार पैरवी कर रहे थे। एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि चुनावी रंजिश में पूर्व प्रधान की हत्या की गई है। नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में लगी है।
अनहोनी का अंदेशा पहले से था पूर्व प्रधान को
सीकरी के पूर्व प्रधान मोहम्मद अम्मार की अपने समाज के साथ राजनैतिक पकड़ भी मजबूत थी। वर्तमान में चुनी गई ग्राम प्रधान की जीत में भी उसका विशेष योगदान रहा था। कुछ लोगों का कहना है कि प्रधान अम्मार को कुछ अनहोनी का आभास हो रहा था। अम्मार सोमवार को मुजफ्फरनगर से सीकरी गांव पहुंचे और अपने नजदीकी लोगों से महत्वपूर्ण मामलों में चर्चा भी की। परिजनों का कहना है कि सोमवार को आए पूर्व प्रधान को शायद किसी अनहोनी का अंदेशा था, जिसके चलते हमे वो संभल कर रहने के लिए कह रहे थे।
एक दो परिजनों ने तो उनकी बात पर अमल करते हुए अपने रहने का स्थान में बदल दिया था। मंगलवार को शहर में उनकी हत्या कर दी गई। घटना के विरोध में व्यापारियों ने बाजार भी बंद कर दिया। सूचना पर भोपा थाना प्रभारी विजय सिंह मय फोर्स के सीकरी गांव पहुंचे और वहाँ मौजूद मृतक अम्मार के परिजनों से जानकारी ली। सुरक्षा के लिए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पूर्व प्रधान के खिलाफ शिकायत की थी
भोपा। जेल में बंद तस्लीम हत्याकांड के आरोपी की पत्नी ने अम्मार सहित दस लोगों पर अपने परिवार को झूठे मामले में फंसाने तथा उनसे जान का खतरा बताया था। जिला पंचायत चुनाव के दौरान हुई तस्लीम की हत्या के आरोप में जेल में बंद आरोपी जमशेद की पत्नी रुकसाना ने सीएम समेत पुलिस के आला अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेज कर अम्मार प्रधान सहित लगभग दस लोगों पर आरोप झूठे मामले में फंसाने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया था। मामले की जांच सीकरी चौकी प्रभारी विजय सिह कर रहे है।