बदमाशों द्वारा उखाड़ा गया शटर।
- फोटो : अमर उजाला
खतौली में बदमाशों ने एक ही रात में दो गांवों में सराफ की दुकान सहित पांच दुकानों के ताले तोड़े। बदमाश दुकान से जेवरात, नगदी सहित अन्य दुकानों से कीमती सामान चोरी कर ले गए। बदमाशों ने एक अन्य सराफ की दुकान के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया। एक दुकानदार ने बदमाशों को ललकारा तो, बदमाशों ने ईंटें बरसाकर दुकानदार को घायल कर दिया।
गांव तिंगाई निवासी राजेंद्र का मकान जीटी रोड पर ही स्थित है। राजेंद्र अपने मकान में ही बनी दुकान में खल और चोकर बेचता है। बुधवार रात करीब दो बजे बदमाश चोरी करने के लिए दुकान का शटर खोलने लगे। खटपट की आवाज सुनकर राजेंद्र की आंखें खुल गईं।
वह मकान का दरवाजा खोलकर बाहर निकला, तो उसने देखा कि तीन बदमाश उसकी दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे हैं। बदमाशों ने गल्ले से तीन हजार रुपये चोरी कर लिए। राजेेंद्र ने बदमाशों को ललकारा, तो बदमाशों ने राजेंद्र पर ईंट बरसाना शुरू कर दिया। जिसमें राजेंद्र घायल हो गया था। शोर मचाया तो पड़ोसी जाग गए और बदमाश भाग निकले।
चोरों ने इससे पहले गांव में ही अलीहसन पुत्र वहीद के चाय के खोखे का ताला तोड़कर उसमें से बर्तन चोरी किए और बाइक मिस्त्री वसीम पुत्र रफीक की दुकान का ताला तोड़कर उसमें से कीमती लोहे का सामान चोरी कर लिया। उधर, गांव भंगेला में मोहल्ला दुर्गापुरी निवासी सौरभ वर्मा ज्वैलर्स की दुकान करता है।
चोरों ने उसकी दुकान के ताले तोड़ कर बीस हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इसी गांव में बड़ा बाजार निवासी नितिन वर्मा भी ज्वैलर्स की दुकान करता है। बदमाशों ने उसकी दुकान का ताला तोड़ा, तो उसकी नींद खुल गई और चोर भाग निकले। एक ही रात में पांच दुकानों के ताले टूटने पर बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ितों ने घटनाओं के खुलासे की मांग की है।