मनचलों के खिलाफ जाट कॉलोनी में शुरू की गई महिलाओं की मुहिम आखिरकार बुधवार को रंग लाती नजर आई। पुलिस ने मनचलों के खिलाफ दिन निकलते ही धरपकड़ अभियान चलाते हुए कई संदिग्धों को धर लिया। इनमें से पांच मनचलों के खिलाफ पुलिस ने अपनी तरफ से छेड़छाड़ की एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया, जबकि अन्य को उनके परिजनों को थाने बुलाने के बाद चेतावनी देकर छोड़ा गया।
शहर के सरकुलर रोड स्थित जाट कॉलोनी में दो दिन तक लगातार छात्राओं से छेड़खानी की घटनाओं के बाद क्षेत्र की महिलाओं ने पुलिस कार्यप्रणाली पर आक्रोश जताते हुए खुद मोर्चा बनाते हुए मनचलों को सबक सिखाने की घोषणा कर दी थी।
मंगलवार को एसपी सिटी ओमबीर सिंह, सीआरपीएफ के सीओ, सिविल लाइंस थाना इंस्पेक्टर डीके त्यागी, महिला थाना प्रभारी मीनाक्षी शर्मा के साथ ही शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने जाट कॉलोनी में पहुंचकर वहां की महिलाओं से वार्ता कर क्षेत्र में न केवल गश्त बढ़ाने, बल्कि शोहदों के खिलाफ कार्रवाई करने का भी आश्वासन दिया था।
बुधवार को पुलिस ने दिन निकलते ही शहर क्षेत्र में मनचलों के खिलाफ वृहद अभियान शुरू करते हुए स्कूल-कॉलेजों के बाहर जमावड़ा लगाए खड़े व इधर-उधर घूम रहे कई संदिग्धों को हिरासत में लिया। एक तरफ जहां महिला थाना प्रभारी मीनाक्षी शर्मा टीम के साथ सड़कों पर मोर्चा संभाले रहीं।
दूसरी ओर, इंस्पेक्टर डीके त्यागी मनचलों को सख्त नसीहत दी। नतीजा यह निकला कि दोपहर होते-होते थानों की हवालात संदिग्ध युवकों से भर गईं। इनमें से अधिकांश को जांच-पड़ताल के बाद उसके परिजनों को थाने बुलाने के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
जबकि नगरपालिका इंटर कॉलेज के बाहर से पकड़े गए लद्दावाला निवासी जावेद व शावेज और रहमतनगर निवासी अजीम के साथ ही जैन डिग्री कॉलेज के बाहर से पकड़े गए रहमतनगर निवासी अनस व दधेड़ू निवासी महताब के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया। इंस्पेक्टर ने कहा कि मनचलों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
छेड़छाड़ की बढ़ती घटनाओं से लोग आहत
मुजफ्फरनगर। जिले में छेड़खानी की बढ़ती घटनाओं से लोग काफी आहत हैं। छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने का दावा करने वाली पुलिस की पोल जाट कालोनी की घटनाओं ने खोल दी है। भाजपा के चुनाव एजेंडे में छेड़खानी की घटनायें रोकना मुख्य मुद्दा था। विपक्षी दलों के नेता अब भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं । सपा और रालोद नेताओं का दावा है कि जिले में रेप और छेड़खानी की घटनाएं बढ़ने से लोगों में सूबे की भाजपा सरकार के खिलाफ गुस्सा है।
कॉलेजों में जाने वाली छात्राएं सुरक्षित नहीं
सपा के युवा नेता चंदन चौहान का कहना है कि जिले में महिलाओं के साथ आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं। महिलाओं के साथ छेड़खानी की घटनाएं आम हो रही हैं। छात्राएं स्कूल-कॉलेज जाते समय रास्ते में सुरक्षित नहीं हैं। जिले में रेप की घटनाए बढ़ी है। भाजपा जब सत्ता में आई तो उसने बड़े-बड़े दावे किए थे। कानून व्यवस्था के नाम भाजपा से सभी दावे फेल होते दिखाई दे रहे हैं। जाट कॉलोनी की घटनाएं तो सामने आ गई है, शहर में ऐसी बहुत सी घटनायें है, जो चुपचाप सह ली जाती है।
भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था फेल
रालोद के जिलाध्यक्ष अजीत राठी का कहना है कि जिले में छेड़खानी की घटनाएं बढ़ी हैं। प्रदेश सरकार की रोमियो स्क्वॉड कहां है। जब पुलिस कुछ नहीं कर पाई तो आम जनता को सामने आना पड़ रहा है। इससे यह साबित हो गया है कि कानून व्यवस्था प्रदेश में पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। सरकार हर मोर्चे पर फेल है। आम जनता अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है। भाजपा को लोग सत्ता में ही इसलिए लाए थे कि यह महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं को रोकेगी, लेकिन कर कुछ नहीं पाई है।
हमारा संकल्प है घटनाएं रोकना
शहर के भाजपा विधायक कपिलदेव अग्रवाल का कहना है कि छेड़खानी की घटनाएं रोकना हमारा संकल्प है। महिलाओं की सुरक्षा हर हाल में होगी। जाट कॉलोनी की घटना के बाद वह खुद कालोनी के लोगों से मिले हैं। लोगों को आश्वासन दिया गया है कि छेड़खानी जैसे अपराध को करने वाले किसी भी अपराधी को नहीं छोड़ा जाएगा। ऐसे लोगों का इलाज पुलिस खुद करेगी। जनता को सुरक्षा मुहैया कराना सरकार की जिम्मेदारी है, इस पर हम खरा उतरेंगे।
घटनाओं को हर हाल में रोका जाएगा
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद डॉ संजीव बालियान का कहना है कि छेड़खानी जैसी घटनाओं को हर हाल में रोका जाएगा। किसी भी कीमत पर ऐसी घटनाएं नहीं होने दी जाएगी। जाट कालोनी की घटना के बाद एसएसपी को बता दिया था, भगतजी स्वीट्स के पास पिकेट भी लगा दी गई। जनता भी घटनाओं को लेकर तैयार है। पुलिस और जनता दोनों मिलकर छेड़ख़ानी करने वालों का इलाज करेंगे। भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा के कृत संकल्प है।
शादी करो, वरना कर दूंगा हत्या
शामली जनपद के एक शोहदे की करतूत से लालूखेड़ी की बेटी व उसके परिजन हर पल दहशत के साए में जी रहे हैं। शोहदे ने नाबालिग छात्रा पर शादी का दबाव बनाते हुए इंकार करने पर उसे पिता समेत हत्या कर देने की धमकी दी है। शोहदे की धमकी के चलते छात्रा ने जहां मोबाइल रखना बंद कर दिया है, वहीं उसका कुछ दिन से स्कूल जाना भी छूट गया है। पीड़िता ने बुधवार को थाने में तहरीर देकर कार्रवाई के साथ ही सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव निवासी छात्रा बुधवार को पिता के साथ थाने पहुंचकर एसओ सूबे सिंह यादव से मिली। पीड़िता ने शामली जनपद के गांव हाथी करौंदा निवासी युवक के खिलाफ तहरीर देकर बताया कि कुछ दिन पूर्व आरोपी ने एक शोभायात्रा के दौरान उसका मोबाइल नंबर ले लिया था।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी छात्रा के मोबाइल पर लगातार कॉल करने लगा, जिससे आजिज आकर छात्रा ने मोबाइल रखना ही बंद कर दिया। आरोप है कि अब आरोपी युवक लगातार छात्रा को धमकियां दे रहा है कि या तो वह उसके साथ शादी करे, अन्यथा उसकी व उसके पिता की हत्या कर दी जाएगी।
शोहदे की इस धमकी को शुरूआती तौर पर छात्रा व उसके पिता ने मजाक समझते हुए खुद उससे बात की तो आरोपी ने उन्हें भी छात्रा के साथ हर हाल में शादी करने की बात कहते हुए उसे अपनी नहीं होने पर किसी ओर की भी नहीं होने की धमकी दे डाली।
पीड़ित छात्रा का कहना है कि शोहदे की धमकी से वह व परिजन इतने भयभीत हैं कि कुछ दिन से उसका स्कूल जाना भी छूट गया है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई के साथ ही सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। एसओ सूबे सिंह का कहना है कि छात्रा को एक युवक द्वारा शादी के नाम पर परेशान करते हुए हत्या की धमकी दी जा रही है। तहरीर मिली है, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कराते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।