भोपा में ट्यूबवेल पर नहा रहे बदमाश पुलिस पर गोलियां बरसाते हुए निर्वस्त्र अवस्था में ही फरार हो गए। फायरिंग में सीकरी चौकी प्रभारी बाल-बाल बचे। पुलिस ने भी जवाब में कई राउंड फायर किए। बदमाश बाइक, तमंचा, कारतूस, मोबाइल, कपड़े, कुछ कागजात, शराब की बोतल सहित नहाने और ठहरने का सामान छोड़कर फरार हो गए। बदमाशों से मिली बाइक सहारनपुर के नांगल थाना क्षेत्र से लूटी गई थी। पुलिस का मानना है कि बदमाश किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने दो घंटे तक जंगल में कांबिंग की, मगर बदमाश हाथ नहीं लग सके।
सोमवार की दोपहर भोपा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, सीकरी चौकी प्रभारी चंद्रसेन सैनी पुलिस बल के साथ सीकरी से भोकरहेड़ी जा रहे थे। सीकरी चौकी प्रभारी प्राइवेट कार में और थाना प्रभारी जीप में सवार थे। सीकरी-भोकरहेड़ी मार्ग पर आधा किलोमीटर दूरी पर चलते हुए भोकरहेड़ी निवासी सभासद देवराम भगतजी की नलकूप है, जिस पर तीन संदिग्ध युवक थे, जिनमें से एक खड़ा था और दो नहा रहे थे।
उनसे पूछताछ के लिए भोपा थाना प्रभारी और सीकरी चौकी प्रभारी ने जब गाड़ी रोकी तो अर्द्धनग्न अवस्था में ही बदमाश पुलिस पर फायर करते हुए पास के गन्ने के खेत में घुसकर फरार हो गए। पुलिस ने भी जवाब में कई राउंड फायर किए। सूचना पर सीओ भोपा मोहम्मद रिजवान, ककरौली थाना प्रभारी दिनेश कुमार वशिष्ठ पीएसी और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश में घंटों कांबिंग की, लेकिन घने जंगल का सहारा लेकर बदमाश भागने में सफल हो गए।
पुलिस ने मौके से एक बाइक, एक तमंचा, कारतूस, तीन मोबाइल, कपड़े, रस्सी, कुछ संदिग्ध कागज, आईडी, दवाई, शराब की बोतल आदि बरामद की हैं। थाना इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि बदमाशों से बरामद बाइक 29 अक्तूबर को सहारनपुर के नांगल थाना क्षेत्र के मीरपुर रेलवे फाटक से सुबरी महाराजपुर निवासी अर्जुन पुत्र इंद्रपाल से लूटी गई थी। एक अन्य बाइक के कागज भी मिले हैं।
थाना प्रभारी का कहना है कि बदमाश किसी बड़े गिरोह के सदस्य हैं, जो किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। बदमाशों की धरपकड़ के लिए क्राइम ब्रांच टीम भी मौके पर पहुंची। कुछ दिन पूर्व भी इसी प्रकार के हुलिए वाले बदमाशों ने भोकरहेड़ी निवासी एक युवक को दबोच लिया था। उसे यह कहकर छोड़ दिया था, जिसकी हमें तलाश है यह वो नहीं है। पुलिस ने सीकरी में फ्लैग मार्च भी किया।