फायरिंग के बाद कार में की गई तोड़फोड़।
- फोटो : अमर उजाला
मीरापुर में मेरठ बस स्टैंड के निकट कब्रिस्तान में मिट्टी का भराव करने के विरोध में एक युवक ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन अन्य नामजद फरार हैं।
बस स्टैंड के निकट कई बिरादरियों के कब्रिस्तान हैं। कब्रिस्तान के निकट इरफान, अमीर अली पुत्रगण अलीहसन आदि के आवास हैं। इनके मकानों के पानी की निकासी कब्रिस्तान की ओर हो रही है। कब्रिस्तान की देखभाल करने वाले लोगों ने चंदा कर कब्रिस्तान में मिट्टी का भराव कराना शुरू कर रखा है। इसका इरफान, अमीर अली, अली हसन, शेर अली, अहमद अली आदि ने विरोध किया। रविवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी बीच इरफान अपने मकान की छत पर चढ़ गया और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर कर दिया।
गुस्साई भीड़ ने इरफान के घर के बाहर खड़ी मारुति कार में तोड़फोड़ कर दी। धक्का मुक्की में एक महिला घायल हो गई। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने इरफान और अमीर अली को गिरफ्तार कर लिया। मिट्टी भराव करने वालों की ओर से यामीन पुत्र नूर बख्श निवासी मोहल्ला कमलियान ने पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। नामजद आरोपियों मे से तीन फरार हैं। थानाध्यक्ष प्रभाकर केन्तुरा ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।