मुजफ्फरनगर। मल्हूपुरा में पुलिस ने घर में ही नकली शराब बना रहे पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर बड़ी तादाद में नकली शराब के पव्वे, खाली पव्वे, ढक्कन, केमिकल और होलोग्राम बरामद किए हैं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एसआई तारिक वसीम ने रविवार को टीम के साथ मल्हूपुरा की गली नंबर-12 निवासी अय्यूब पुत्र सुबराती के घर पर दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, मौके पर अय्यूब अपने बेटे आशु के साथ नकली शराब बनाते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से 204 पव्वे नकली शराब, 20 लीटर केमिकल, 950 खाली पव्वे, 520 ढक्कन, 869 होलोग्राम और शराब बनाने के नकली उपकरण बरामद किए। पुलिस के अनुसार, मौके से दो आरोपी फरार हो गए, जिनमें आदर्श कॉलोनी निवासी दिनेश कुमार व सिखेड़ा के गांव बहेड़ा निवासी दीपक शामिल हैं। फरार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जिले में सफेद हाथी बन चुका है आबकारी विभाग : मुजफ्फरनगर। जनपद का आबकारी विभाग सफेद हाथी बन चुका है। दरअसल, पिछले करीब छह माह से विभाग ने अवैध शराब की कोई बरामदगी नहीं की है। विभागीय लापरवाही का आलम यह कि शहर क्षेत्र से ही दो बार नकली शराब की फैक्ट्रियां पकड़ी जा चुकी हैं, लेकिन दोनों ही मामलों में आबकारी विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी। यह आलम तब है, जबकि करीब एक पखवाड़े पूर्व ही पड़ोसी जनपद शामली के झिंझाना क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से पांच लोग जान गवां चुके हैं।
नकली शराब बनाने का गढ़ सिविल लाइंस थाना
मुजफ्फरनगर। शहर का सिविल लाइंस थाना क्षेत्र नकली शराब निर्माण का गढ़ बनता जा रहा है। पिछले एक पखवाड़े के भीतर ही क्षेत्र में नकली शराब की यह दूसरी फैक्ट्री पकड़ी गई है। इससे पहले मोहल्ला जनकपुरी के एक खाली मकान में भी पुलिस ने नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था, जिसमें कई आरोपियों को जेल भेजा गया था।