जिला कारागार में बंदियों के बवाल के मामले में शासन ने जेल अधीक्षक से बवालियों की सूची तलब कर ली है। जेल प्रशासन ने 15 बंदियों की सूची शासन को भेजी है। शासन के आदेश मिलते ही आईजी कारागार इसी हफ्ते बंदियों को पूर्वी उत्तर प्रदेश की जेलों में शिफ्ट कर देंगे।
जिला कारागार में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर शनिवार को बैरक नंबर-17 और 18 के बंदियों में खूनी संघर्ष हो गया था। इस दौरान दर्जनभर बंदी लहूलुहान हो गए थे। बाद में डीएम और एसएसपी ने फोर्स के साथ जेल पहुंचकर स्थिति को संभाला था। अगले दिन डीआईजी कारागार ने भी मामले की जानकारी ली थी। इस मामले में शासन ने आईजी कारागार के माध्यम से बवालियों की सूची मांगी हैं।
जेल अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि पंद्रह बंदियों की सूची शासन को भेज दी गई है। जिसमें बवाल करने वाले सभी बंदी शामिल है। बवालियों को किसी भी कीमत पर जेल में नहीं रहने दिया जाएगा। सभी पूर्वी उत्तर प्रदेश की जेलों में शिफ्ट होंगे। शासन के आदेश आईजी कारागार के माध्यम से मिलते ही इसी हफ्ते सभी बवालियों को यहां से भेज देंगे।
इससे पहले तत्कालीन व्यवस्था के चलते डीएम के आदेश पर छह बंदियों को जिले से मिलती हुई जेलों में भेजा जा चुका है। वहीं दूसरी ओर दूसरी जेलों में भेजे जाने की प्रक्रिया का पता चलते ही बवाल काटने वाले बंदियों में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि अभी भी दोनों पक्षों में तनातनी जारी है, लेकिन दूसरी जेल में शिफ्ट करने की प्रक्रिया के शुरू होने का पता चलते ही दोनों पक्षों के बंदियों के चेहरों पर तनाव हैं। नाम पता नहीं चलने के कारण बंदी अपने आकाओं से भी जुगत नहीं भिड़ा पा रहे हैं।