मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के एक गांव की दो नाबालिग छात्राओं के लापता होने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सोमवार की देर रात मिली सूचना पर पुलिस ने दो घंटे बाद दोनों छात्राओं को उनकी रिश्तेदारी से शामली क्षेत्र से बरामद कर लिया। छात्राओं के बरामद होने पर पुलिस तथा उसके परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस के मुताबिक स्कूल से लेट होने पर छात्राएं मां की पिटाई की डर से घर नहीं जाकर रिश्तेदारी में रुक गई थीं।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की दो छात्राएं शाहपुर के एक स्कूल में कक्षा सात में पढ़ती हैं। सोमवार को सुबह दोनों छात्राएं घर से स्कूल के लिए निकली। गांव में बस नहीं मिलने के कारण वह स्कूल से लेट हो गईं। स्कूल में देर होने के कारण घर वापस जाने पर मां की पिटाई के डर से वे दोनों घबरा गईं। दोनों छात्राएं शामली जनपद के एक गांव में अपनी रिश्तेदारी में चली गईं। पहले तो परिवार वाले गांव में ही किसी सहेली के यहां चले जाने को लेकर घटना से अंजान रहे। देर रात दस बजे गांव में ढूंढने पर छात्राएं नहीं मिली, तो घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
दो छात्राओं के अचानक लापता होने की सूचना से बुढ़ाना पुलिस को पसीना छूट गया। पुलिस ने सभी रिश्तेदारी के नंबर लेकर संपर्क किया। इसी दौरान छात्राओं के शामली के एक गांव में अपनी रिश्तेदारी में होने की सूचना मिली। पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची। दोनों छात्राओं को परिजनों के साथ रिश्तेदारी से बरामद किया। सोमवार देर रात करीब 12 बजे पुलिस ने छात्राओं को उनके परिजनों को सौंप दिया।
फौजी की पत्नी लापता, तहरीर दी
बुढ़ाना। कोतवाली क्षेत्र के गांव इटावा निवासी सतेंद्र राठी ने तहरीर देते हुए बताया कि उसका चचेरा भाई जितेंद्र सेना में जवान है। जितेंद्र्र की पत्नी संगीता मंगलवार सुबह परिवार वालों को बिना कुछ बताए घर से चली गई। सोमवार शाम सभी घर वालों की गेहूं की कटाई करने की योजना बनी थी। मंगलवार सुबह संगीता अचानक घर से चली गई। गांव में ढूंढने पर भी वह नहीं मिली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।