हाल ही में मुस्लिम समाज में चली आ रही तीन तलाक प्रथा के खात्मे को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भले ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्णय देकर सामाजिक कुरीति को खत्म करने के आदेश दिए थे।
इसके बावजूद दहेजलोभी ससुराल वाले तीन तलाक की आड़ में नव विवाहिताओं पर अत्याचार करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही एक शर्मनाक मामला गांव स़ुजड़ू में सामने आया है, जहां अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर शादी के महज 24 घंटे बाद ही नवविवाहिता को तीन तलाक दे दिया गया।
गांव सुजड़ू के मोहल्ला कूंगरपट्टी निवासी गुलशन पुत्री इरशाद ने पुलिस ऑफिस में तहरीर देकर बताया कि उसका रिश्ता मोहल्ले के ही युवक इदरीश से एक पखवाड़े पूर्व तय हुआ था। 22 जून को दूल्हा करीब 15-20 लोगों के साथ गुलशन के साथ निकाह करने उसके घर जा पहुंचा।
निकाह के बाद शौहर उसे लेकर ससुराल पहुंचा, जहां इदरीश की तीन भाभियों के साथ ही दो ननदों ने शादी में कम मिले दहेज के सामान को लेकर बखेड़ा खड़ा कर दिया। अगले दिन दूल्हे ने भी परिजनों का साथ देते हुए नवविवाहिता के साथ मारपीट कर दी। जिसकी जानकारी नवविवाहिता ने अपनी मां को फोन पर दी।
पीड़िता के अनुसार, जब उसकी मां वहां पहुंची तो सभी परिजनों ने मिलकर मां-बेटी को कमरे में बंद कर उनकी मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने मां-बेटी को घर से बाहर निकालकर भीड़ के सामने ही उनके साथ मारपीट की।
आरोप है कि इस दौरान जेठ ने नवविवाहिता के साथ अश्लील हरकतें करते हुए उसे जमीन पर नीचे गिरा दिया और वहां मौजूद लोगों से सामूहिक दुष्कर्म कराने की धमकी देने लगा। इसके बाद शौहर ने सभी के सामने नवविवाहिता को निकाह के महज 24 घंटे बाद ही तीन बार तलाक बोलकर धक्के देकर भगा दिया। पीड़िता ने अफसरों से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।