फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दलित किशोरी की मौत का मामला : परिजनों का दाह संस्कार से इंकार 

Fri, 11 May 2018 12:28 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
crime shimla
विज्ञापन
पुरकाजी में दलित किशोरी की मौत के मामले में पुलिस के रवैये और आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से क्षुब्ध परिजनों ने शव का दाह संस्कार करने से इंकार कर दिया। मामले के तूल पकड़ने से पुलिस में हड़कंप मच गया। भारी मात्रा में पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया।
विज्ञापन


पांच घंटे की जद्दोजहद के बाद रात दस बजे पुलिस ने मृतका के पिता की ओर से तहरीर लेकर मां-बेटी समेत दो युवक नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ अपहरण, गैंगरेप, हत्या और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने नामजद आरोपी मां-बेटी के अलावा एक नामजद आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद भी परिजन शव को लेकर घर पर ही मौजूद थे। पुलिस के रवैये से गुस्साएं ग्रामीणों ने हंगामा भी किया। 

पुरकाजी के निकटवर्ती गांव निवासी दलित श्रमिक की 16 वर्षीया बेटी की बुधवार को अचानक संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उसका पिता रेहड़ा चलाने के लिए पुरकाजी आया था। जब मृतका के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी तो महिलाओं ने मृतका के शरीर पर चोट के निशान देखे थे, जिनकी जानकारी मृतका के पिता को दी। पिता ने पुलिस को सूचना देकर बेटी की रेप के बाद हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। 
विज्ञापन


बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजन शाम करीब पांच बजे शव लेकर गांव पहुंचे। साथ में पुरकाजी इंस्पेक्टर विजय सिंह भी थे। घर पहुंच कर परिजनों और ग्रामीणों ने इंस्पेक्टर से पूछा कि किशोरी की मौत कैसे हुई, उसके साथ रेप भी हुआ क्या? इस पर इंस्पेक्टर ने कहा कि इसके साथ कुछ नहीं हुआ और न ही चोट के निशान मिले, यह स्वाभाविक मौत मरी है। इतना सुनते ही परिजन बिफर पड़े।

परिजनों ने शव मकान के अंदर रख कर दाह संस्कार करने से इंकार कर दिया। मामले की जानकारी पाकर मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। ग्रामीण भी परिजनों के निर्णय से सहमत हुए और शव का दाह संस्कार करने से मना कर दिया। परिजन शव का पुन: पोस्टमार्टम करवाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ बढ़ती चली गई। जिससे पुलिस में हडकंप मच गया। सीओ सदर रिजवान अहमद कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। 

चेयरमैन, पूर्व मंत्री भी पहुंचे 
पुरकाजी। मामले की जानकारी पाकर पुरकाजी चेयरमैन जहीर फारूकी, पूर्व मंत्री दीपक कुमार, ग्राम प्रधान नवीन राठी , रालोद नेता धर्मेंद्र राठी आदि नेता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी परिजनों को समझाने का प्रयास किया, मगर वे अपने मांगो पर अड़े रहे। 

नामजद मुकदमा दर्ज 
पुरकाजी। पांच घंटे की जद्दोजहद के बाद रात दस बजे पुलिस ने मृतका के पिता की ओर से तहरीर ली, जिसमें गांव की पड़ोसी महिला उसकी बेटी, धमात गांव के दो युवक और चार अन्य युवक को आरोपी बनाया गया। तहरीर में बताया गया कि आरोपी महिला अपने बेटी के साथ मृतका को घर से बुला कर ले गई थी।

धमात निवासी आरोपी युवक बाइक से ले गया था। गांव के बाहर जंगल में आरोपियों ने किशोरी के साथ मारपीट करते हुए गैंगरेप कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने देर रात को मृतका के पिता की ओर से उक्त आरोपियों के खिलाफ अपहरण, गैंगरेप, हत्या और पॉक्सो के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। 

मां-बेटी समेत तीन गिरफ्तार 
पुरकाजी। मुकदमा दर्ज करके पुलिस ने नामजद महिला मालती उसकी बेटी निकिता और दूसरे गांव धमात के एक आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। 

गांव में पुलिस तैनात 
पुरकाजी। किशोरी की मौत के मामले को लेकर गांव में पुरकाजी, ककरौली, छपार, भोपा, चरथावल थाना प्रभारियों के साथ भारी मात्रा में पुलिस बल और पीएसी तैनात रही। उधर, देर रात तक भी परिजन शव को लेकर घर पर ही बैठे थे। उनका कहना था कि जब तक वे पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं होंगे, तब तक शव का दाह संस्कार नहीं करेंगे। 

मौत का कारण स्पष्ट नहीं 
घटना के संबंध में सीओ सदर रिजवान अहमद ने बताया कि पोस्टमार्टम में किशोरी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो कसा है, इसलिए बिसरा प्रिजर्व किया गया है। रेप की पुष्टि के लिए डॉक्टर ने स्लाइड बनाई है, जो जांच के लिए भेजी गई है, रिपोर्ट आने में दो-तीन दिन लग जाएंगे।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मृतका के पिता की ओर से संबंधित धाराओं में केस पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपी मां-बेटी के अलावा एक अन्य नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें