उदित का शव मिलने के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
भोपा पुलिस ने हत्याभियुक्तों की निशानदेही पर उदित के शव को तलाश लिया। मंगलवार को पीएसी गोताखोरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बिहारगढ़ गंगा खादर के जलालपुर के जंगल में गंगा के रेत के टापू से शव को बरामद किया। शुक्रताल गंगाघाट पर शव के पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बुधवार शाम परिजनों ने गमगीन माहौल में उदित का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, पुलिस ने तीनों हत्यारोपियों को जेल भेज दिया।
भोपा थाने के शुक्रताल में सच्चा धाम के पास रहने वाले 21 वर्षीय उदित पुत्र रामचंद्र की हत्या शनिवार को उसके दोस्तों ने शुक्रतारी के जंगल में नलकूप पर की थी। मृतक युवक के पिता रामचंद्र की तहरीर पर पुलिस ने सोनू पुत्र रतन निवासी गांव फिरोजपुर, अभिजीत पुत्र कुंवर भारती निवासी शुक्रताल और हर्षित पुत्र राजीव को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, जिसमें आरोपियों ने उदित की फावड़े से काटकर हत्या करना स्वीकारते हुए शव को शुक्रताल के पास गंगा नदी में फेंकने की बात पुलिस को बताई थी।
पुलिस चार दिनों से शव की तलाश में लगी थी। पीएसी गोताखोरों की मदद से मंगलवार दोपहर गांव शुक्रताल से गंगा में मोटरबोट के साथ पानी में सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें करीब पांच किलोमीटर चलकर गांव बिहारगढ़ के सामने नीला जलालपुर के जंगल में गंगा के बीच रेत के टापू पर गठरी दिखाई दी। पिता रामचंद्र गठरी में बंधे शव को देखते ही फूट-फूटकर रोने लगा। शव उदित का ही था। शव को बड़ी पॉलीथिन में पैक करने के बाद टाट के बोरे में रखकर प्लास्टिक की पन्नी की गठिया बनाकर मोटे रस्से से कसकर बांधा गया था। शव मिलने की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
साजिश कर हत्या का आरोप
मृतक उदित के पिता रामचंद्र ने बताया कि हाल ही में क्षेत्र के एक गांव में जमीन विवाद को लेकर हत्या हुई थी। जिसके चलते मेरे बेटे को बदला लेने की धमकी दी गई थी, जबकि हत्या केे मामले से हमारा कुछ लेना-देना नहीं था। आरोपियों ने तीन दिन गलत जानकारी देेकर पुलिस को भ्रमित किया है। पिता का कहना है उसके बेटे की साजिश के तहत हत्या की गई है।
पिता और दादा को भी बनाया आरोपी
सीओ मोहम्मद रिजवान ने बताया कि उदित हत्याकांड के मुख्य आरोपी के पिता राजू और दादा योगेंद को शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर गंगा खादर पानी में फेंकने का आरोपी बनाया गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने आरोपी के घर से बरामद कर लिया।