पत्नी और बेटी के साथ हत्यारोपी पिता(फाइल फोटो)।
- फोटो : अमर उजाला
भोपा के गांव नंगला बुजुर्ग में संपत्ति विवाद के चलते भाइयों को फंसाने के लिए एक युवक हैवान बन गया और अपनी चार साल की इकलौती बेटी की छुरी से गला काट कर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के कुछ देर बाद ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया और हत्यारोपी पिता, उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। बाद में बच्ची की मां को भी हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
गांव नंगला बुजुर्ग निवासी शमीम उर्फ भूरा पुत्र फारुख ने बुधवार दोपहर थाना भोपा पुलिस को अपनी चार साल की बेटी लाईबा नूर के अपहरण की सूचना दी और आरोप छोटे भाई नौमान पर लगाया। उसने बताया कि वह पत्नी खुशनसीब और बेटी को साथ लेकर मोरना किसी काम से गया था।
पीएनबी के बाहर पहुंचने पर उसका भाई नौमान उसकी बेटी को उठा कर ले गया, जिसका युसुफपुर के जंगल तक पीछा किया, लेकिन वह खेतों में घुस गया। सूचना पर सीओ भोपा राजीव गौतम, इंस्पेक्टर बीपीएस यादव मौके पर पहुंचे।
शमीम को साथ लेकर युसुफपुर के जंगल में गए। पुलिस ने जंगल में तलाशी अभियान चलाया तो युसुफपुर निवासी अमीर हैदर के खेत में मासूम बच्ची लाईबा नूर का लहूलुहान शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस दौरान पुलिस ने पाया कि शमीम के कपडों पर भी खून लगा था। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
बताया कि उसने ही अपने दोस्त मोरना निवासी जहीर अब्बास के साथ मिल कर बेटी की हत्या की है, ताकि वह अपने भाइयों को फंसा कसे। एसपी देहात अजय सहदेव ने बताया कि शमीम का अपने भाइयों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है।
उसने ही अपने साथी के साथ मिल कर भाइयों को फंसाने के लिए घटना की। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छुरी भी बरामद कर ली है। शमीम उसके दोस्त और पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है।