बदमाशों ने रविवार देर रात घेर में सो रहे दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी। गोलियों की आवाज से गांव में सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही सीओ मौके पर पहुंच गए। वारदात के कारणों का पता नही चल पाया है।
सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव भिक्की निवासी सतपाल शर्मा (64) और उनकी पत्नी सुभाष देवी (62) घर के बाहर बने घेर में सो रहे थे, जबकि उनके दो बेटे अजय और विजय घर में सो रहे थे। रविवार देर रात करीब 11 बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव गूंज गया। आवाज सुनकर ग्रामीणों की नींद खुल गई। लोग भाग कर सतपाल की घेर की तरफ पहुंचे।
अंदर जाकर देखा तो सतपाल और उनकी पत्नी की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। दोनों की गोली मारकर हत्या की गई थी। बदमाशों ने एक गोली सतपाल को और दो गोली उनकी पत्नी को मारी थी। मामले की जानकारी मिलते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। दो हत्याओं से परिजनों में कोहराम मच गया।
वहीं हत्याकांड से पूरे गांव में दहशत का माहौल हो गया। इस बीच किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। डबल मर्डर की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष सिखेड़ा रोजंत त्यागी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सीओ ने बताया कि दोनों की हत्या की गई है, पुलिस पूछताछ कर रही है। अभी तक घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सतपाल के बड़े बेटे विजय ने घटना की अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।