फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिगरेट व्यापारी की लूट के बाद गोली मारकर हत्या 

Thu, 18 Aug 2016 01:13 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
सिगरेट व्यापारी के परिजनों से पूछताछ करती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर शहर में सरेशाम सिगरेट व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। व्यापारी कलेक्शन कर घर जा रहा था। बदमाश कारोबारी की स्कूटी भी लूट ले गए। बदमाश भोपा की ओर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। स्कूटी में लाखों का कैश बताया जा रहा है। वारदात के बाद पुलिस ने शहर भर में चेकिंग की गई, लेकिन हत्यारों का कोई सुराग नहीं लगा। देर रात भाजपा विधायक कपिलदेव अग्रवाल अस्पताल पहुंचे। शहर के बीच हुई सनसनीखेज वारदात से लोगों में दहशत पसर गई है। 
विज्ञापन


वारदात बुधवार शाम आठ बजे शहर के बीच भोपा पुल पर हुई। श्रीराम स्वीट्स के पास रात करीब आठ बजे दो बाइकों पर सवार बदमाशों ने स्कूटी सवार व्यक्ति को गोली मार दी। गोली मारने के बाद बदमाश व्यापारी की स्कूटी लेकर फरार हो गए। घटना के समय बाजार में काफी चहल-पहल थी। गोली चलते ही वहां भगदड़ मच गई।  

सूचना पर नईमंडी और सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी जेब से मिले कागजों से उसकी शिनाख्त नईमंडी कोतवाली के पटेलनगर निवासी प्रदीप कुमार के रूप में हुई। प्रदीप कुमार का सिगरेट और बीड़ी का थोक का कारोबार है। पुलिस ने उसके परिजनों को मामले की जानकारी दी। काफी देर तक सिविल लाइन और नईमंडी पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही।
विज्ञापन


बाद में अफसरों की डांट पड़ने पर नईमंडी पुलिस ने मामला अपने क्षेत्र का माना है। पुलिस ने वारदात के बाद शहर के तमाम रास्तों पर चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन कोई बदमाश हाथ नहीं लगा। परिजनों के पहुंचने से पहले ही पुलिस ने हंगामे के डर से शव को मोर्चरी भिजवा दिया। व्यापारी के परिजनों ने बताया कि स्कूटी में कलेक्शन के करीब तीन लाख रुपये या उससे अधिक भी हो सकते हैं, क्योंकि कलेक्शन लेकर लौटते समय उसके पास इतनी ही या कभी कभी अधिक रकम भी होती थी।

उधर, घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा विधायक कपिलदेव अग्रवाल भी जिला अस्पताल पहुंच गए। विधायक ने मृतक के परिवार को ढांढस बंधाया। विधायक ने कहा कि शहर से कानून का राज खत्म हो गया है। कारोबारियों को निशाना बनाया जा रहा है। सर्राफा व्यापारी से लाखों की लूट पुलिस आज तक नहीं खोल पाई। शहर में सरेशाम जहां हत्या की वारदात हुई है, वहां पुलिस पिकेट रहती है। लेकिन घटना के समय पुलिसकर्मी कहां थे, इसकी जांच होनी चाहिए। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें