चरथावल पुलिस द्वारा एक बछड़ा कुटेसरा के ग्रामीण को देने पर संप्रदाय विशेष के लोगों ने उस पर हमला बोल दिया। जिसमें एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। पीड़ित ने चरथावल पुलिस पर मामले में कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। पुलिस ऑफिस पहुंचकर पीड़ित ने मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है। घटना के बाद से दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है।
कुटेसरा निवासी जर्नाधन दर्जनों ग्रामीणों के साथ रविवार सुबह पुलिस ऑफिस पहुंचा। पीड़ित ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व पुलिस ने गोकशी करने वालों से एक बछड़ा मुक्त कराकर उसे दिया था। इस बात को लेकर पड़ोस के संप्रदाय विशेष के युवक रंजिश रखने लगे।
शनिवार शाम पीड़ित की पत्नी घेर में काम कर रही थी। तभी आरोपियों ने वहां घुसकर मारपीट कर दी। जबरदस्ती बछड़े को खोलने का प्रयास किया। पत्नी द्वारा शोर मचाने पर तीनों पुत्र वहां पहुंचे, तो उन्हें भी पीटा गया।
झगड़े के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। गांव में घटना के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई। चरथावल पुलिस को मामले की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों से अपने परिवार की जान को खतरा बताया है। अधिकारियों में मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।