फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

हिस्ट्रीशीटर को बेटों ने ही गोलियों से भूना

Sat, 07 Jul 2018 12:35 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/मुजफ्फरनगर।
muder - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। सिकंदरपुर गांव में दो बेटों ने ही अपने हिस्ट्रीशीटर बाप को गोली मारने के बाद धारदार हथियारों से काट डाला। हत्यारोपी बेटे घटना को अंजाम देकर फरार हो गए, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी सुलेमान उर्फ सुल्ला (62) पुत्र बरकत मीरापुर थाने का हिस्ट्रीशीटर था, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।


शुक्रवार शाम करीब 4.30 बजे सुलेमान गांव के बाहर स्थित मकान के बाहर पत्नी रिहाना के साथ बैठा था। उसी दौरान उसके दो बेटे नौमान, सौमान तमंचे और धारदार हथियार लेकर बाइक से वहां पहुंचे। पहले तो दोनों बेटों ने सुलेमान से कुछ बातचीत की, जिसके बाद उनके बीच कुछ कहासुनी हो गई।

इसके बाद दोनों ने पहले तो तमंचों से सुलेमान को दो गोलियां मारी। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों ने धारदार हथियारों से उस पर हमला बोल दिया। इस दौरान मां रिहाना ने बेटों को रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों हत्या के बाद फरार हो गए।


सूचना पर पुलिस ने तत्काल घायल को जानसठ सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। उधर, मामले में एसओ मनोज चौधरी ने बताया कि सुलेमान अपने बड़े बेटे नौमान की पत्नी को आतंकित कर उससे जबरन अनैतिक संबंध बनाए हुए थे। इस मामले को लेकर बेटों ने पिता को कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं माना। इसके चलते ही दोनों बेटों ने सुलेमान की हत्या की है। दोनों हत्यारोपी बेटे फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

हत्या, अपहरण, डकैती व रंगदारी के हैं 18 मुकदमे
मीरापुर। सिकंदरपुर गांव निवासी सुलेमान उर्फ सुल्ला शातिर अपराधी था। एसओ मनोज चौधरी ने बताया कि उसके खिलाफ कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से 11 थाना मीरापुर व सात थाना छपार में हैं। इनमें हत्या के चार मुकदमों के साथ ही रंगदारी के दो, अपहरण, डकैती, चोरी, गैंगस्टर समेत अन्य धाराओं के मुकदमे हैं। इसके चलते सुलेमान की मीरापुर थाने से हिस्ट्रीशीट भी खुली हुई थी।

चचेरे भाई की हत्या कर बना था अपराधी
मीरापुर। गांव सिकंदरपुर में बेटों के ही हाथों मौत का शिकार हुआ कुख्यात अपराधी सुलेमान उर्फ सुल्ला ने गांव में ही अपने चचेरे भाई नुसरत की हत्या कर अपराध की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद से ही वह जरायम की दुनिया में दौड़ने लगा, जिसके बाद थोड़े ही समय में उसके खिलाफ एक-एक कर कुल 18 मुकदमे दर्ज हो गए। लगातार दर्ज होते मुकदमों के चलते पुलिस लगातार उसकी तलाश में गांव स्थित घर में दबिश देती रही, जिसके चलते उसने गांव के बाहर स्थित खेतों में मकान बना लिया और पत्नी रिहाना के साथ वहीं रहने लगा था। घटना के समय भी वह पत्नी के साथ उसी मकान पर मौजूद था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें