पुरकाजी। राज मार्केट में एक दुकानदार ने जमीन में गड्ढा कर सुतली बम रख दिए। शनिवार रात को उन्हें निकालते हुए एक बम फट गया।
इसे लेकर रविवार को बाजार में बखेड़ा हो गया। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को पकड़कर तलाशी लेकर 216 सुतली बम बरामद कर दुकानदार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली।
कस्बे के मोहल्ला दक्षिणी चमारान निवासी युवक विक्की पुत्र राजबीर कस्बे में राज मार्केट में एक कपडे़ की दुकान पर नौकरी करता है।
शनिवार रात करीब नौ बजे वह अपने एक अन्य साथी के साथ मार्केट में आया और अपनी दुकान के निकट बने एक गड्ढे़ को खोदकर उसमें रखे लोहे के एक बक्से में रखे सुतली बम निकालने लगा, इसी बीच एक बम फट गया,उसका तेज धमाका सुनकर वहां लोग जमा हो गए, लेकिन इससे पहले ही दोनों लोग वहां से चले गए।
रविवार सुबह दुकान संचालक ने नौकर को बुलाकर गड्ढे में सुतली बम रखे होने की जानकारी दी। यह बात मार्केट के दुकानदारों को पता चली तो मौके पर सैकड़ाे लोगों की भीड़ जमा हो गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक भी मौके पर पहुुंच गए और गड्ढे में सुतली बम रखने वाले दुकानदार और उसके नौकर को थाने ले जाने लगे। वहां के एक दो लोगों ने पुलिस का विरोध किया जिसे लेकर उनकी थाना प्रभारी निरीक्षक से कहासुनी भी हो गई।
जहीर फारुखी नामक व्यक्ति ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगा धरने की चेतावनी दे दी। बाद में पुलिस दोनों को थाने ले गई और नौकर की निशानदेही पर गड्ढा खुदवाकर उसमें से 216 सुतली बम बरामद किए।
पुलिस ने युवक का विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा के तहत चालान कर दिया।प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि जांच में बरामद किए गए बम सामान्य हैं।
युवक का कहना है कि उसने सुतली बम दीपावली पर बेचने के लिए खरीदे थे और अपने परिजनों के डर की वजह से यहां छुपा दिए थे।
बाकी मामले की जांच की जा रही है। उधर एसएसपी के निर्देश पर कस्बे में पहुंचे सीओ फायर जेपी राठौर ने अपनी टीम के साथ कस्बे में छापा मारकर कस्बे में बाहरी छोर बनी एक कालोनी से तनवीर से 51 पैकेट सुतली बम बरामद के साथ गिरफ्तार कर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज किया है।