पुरकाजी। चार दिन पूर्व लापता हुई युवती का कोई सुराग नहीं लगने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ थाने का घेराव कर युवती की बरामदगी की मांग की। जल्द बरामदगी न होने पर थाने पर धरना, प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इंस्पेक्टर ने जल्द युवती को बरामद करने का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया।
पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक युवती 11 मई को घर से पुरकाजी कोचिंग सेंटर पर पढ़ने के लिए आई थी। सांय तक घर वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, मगर काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा था। 12 मई को उसके भाई ने गांव के ही तीन सगे भाइयों सहित चार लोगों के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।
चार दिन बीत जाने के बावजूद युवती का कोई सुराग नहीं लगा, जिस पर मंगलवार को परिजन दलित नेता डॉ शिव कुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों के साथ थाने का घेराव कर पुलिस से युवती की बरामदगी की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर युवती का जल्द सुराग नहीं लगाया गया तो थाने पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान स्वराज, समदर, विशाल, रवि, सोनू, कश्मीरी, मीना, पारो, अंजू आदि ग्रामीण मौजूद रहे।